
देशभर में कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ा रहे हैं. कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए देश के कुछ राज्यों में एहतियात के तौर पर नाइट कर्फ्यू के साथ ही सेमी-लॉकडाउन लगाए जाने की बात कही गई है. वहीं उद्योगपति अनिल अंबानी के सबसे बड़े बेटे अनमोल अंबानी ने अब लॉकडाउन के खिलाफ अपनी आवाज उठाई है. उन्होंने ट्वीट कर कहा कि जब नेता लाखों की भीड़ के साथ रैलियां कर सकते हैं तो व्यापार क्यों नहीं किया जा सकता।
उन्होंने ट्वीट कर कहा, “प्रोफेशनल एक्टर अपनी फिल्मों की शूटिंग कर सकते हैं। प्रोफेशनल क्रिकेटर्स देर रात तक अपने खेल खेल सकते हैं। प्रोफेशनल सियासी नेता भीड़ के साथ रैलियां कर सकते हैं। लेकिन आपका बिजनेस या फिर काम जरूरी नहीं है। जरूरी क्या है? हर व्यक्ति को उसका कार्य जरूरी है।”

बता दें कि कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रात 10 बजे सुबह पांच बजे तक नाइट कर्फ्यू लगाया गया है. वहीं छत्तीसगढ़ की राजधानी में 9 अप्रैल से 19 अप्रैल तक 10 दिनों का पूर्ण लॉकडाउन लगाया गया है. मध्य प्रदेश के भी कुछ जिलों में नाइट कर्फ्यू लगाए जाने की बात सामने आई है.
देश में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़कर 1 करोड़ 29 लाख 25 हजार 994 के आंकड़ा के पार पहुंच गए हैं. जिसमें से अब तक 1 लाख 66 हजार 892 संक्रमितों की मौत कोरोना संक्रमण के कारण हुई है. वहीं 1 करोड़ 18 लाख 48 हजार 883 संक्रमितों का इलाज सफल रहा है. फिलहाल वर्तमान में तकरीबन 9 लाख 10 हजार से ज्यादा लोग कोरोना एक्टिव हैं.