अर्शदीप सिंह द्वारा कैच टपकाए जाने पर कोहली का आया रिएक्शन, बोले….

भारत और पाकिस्तान (Ind vs Pak) के बीच खेले गए पहले सुपर फोर मुकाबले में पाकिस्तान ने बाजी मारी और 5 विकेट से जीत दर्ज की. बाबर आजम (Babar Azam) की अगुवाई वाली टीम ने 19.5 ओवर में ही 182 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया. इस बीच 18वें ओवर की तीसरी गेंद प्रमुख चर्चा का बिंदु बन गई जब तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह (Arshdeep Singh) ने आसिफ अली का कैच छोड़ा था. इसके बाद से 23 साल के युवा भारतीय तेज गेंदबाज को सोशल मीडिया पर कैच छोड़ने पर ट्रोल किया जा रहा है. अर्शदीप 20वें ओवर में 6 गेंदों में 7 रन का बचाव करने में भी असफल रहे थे.

मैच के बाद विराट कोहली ने बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह का भी बचाव किया जिन्होंने पाकिस्तानी बल्लेबाज आसिफ अली का कैच 18वें ओवर में छोड़ा , उन्होंने कहा ,‘‘ दबाव में गलतियां हो जाती है, यह बड़ा मैच था और हालात कठिन थे. मुझे याद है कि चैम्पियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान के खिलाफ मैने शाहिद अफरीदी की गेंद पर खराब शॉट खेला, मैं अगले दिन सुबह पांच बजे तक छत की तरफ देखता रहा और सो ही नहीं सका.” उन्होंने कहा ,‘‘ मुझे लगा कि मेरा करियर खत्म हो गया है, इस तरह का सोचना स्वाभाविक है. लेकिन टीम प्रबंधन और कप्तान को टीम का अच्छा माहौल बनाने का श्रेय जाता है. जब माहौल अच्छा होता है तो आप गलती से सीखकर आगे बढते हैं. ”

इसके अलावा विराट ने उन लोगों के लिए भी एक खास मैसेज दिया जो आए दिन उनके फार्म को सुधारने के लिए सलाह देते रहते हैं. विराट ने कहा, ‘मैं इतना ही कहूंगा कि अगर मुझे किसी को कुछ कहना है तो मैं व्यक्तिगत तौर पर उससे संपर्क करूंगा अगर उसे मदद की जरूरत है. पूरी दुनिया के सामने राय देने की मेरी नजर में कोई अहमियत नहीं है. अगर आप मेरी मदद करना चाहते हैं तो मुझे व्यक्तिगत तौर पर बता सकते हैं.’

कोहली ने किसी का नाम नहीं लिया लेकिन उनका इशारा संभवत: महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर की ओर था जिन्होंने कहा कि अगर वह कोहली के साथ 20 मिनट बिता लें तो उन्हें खराब फॉर्म से निकलने की सलाह दे सकते हैं. कोहली ने बताया कि एक महीने के ब्रेक के दौरान उन्होंने बल्ले को छुआ भी नहीं.

उन्होंने कहा ,‘‘ मैं 14 साल से खेल रहा हूं और यह ऐसे ही नहीं होता, मेरा काम अपने खेल पर कड़ी मेहनत करना है और मैं हमेशा टीम के लिये ऐसा करना चाहता हूं और करता रहूंगा.”

उन्होंने कहा ,‘‘ हर कोई अपना काम कर रहा है. हमारा काम खेलना , मेहनत करना और अपना 120 प्रतिशत देना है. मैंने पहले भी कहा है कि जब तक मैं ऐसा कर पा रहा हूं और टीम को मुझ पर भरोसा है , चेंज रूम में जो होता है हमारे लिये वही मायने रखता है. खास तौर पर मेरे लिये.”

कोहली ने कहा ,‘‘ लोगों की अपनी राय होती है और मुझे उससे कोई परेशानी नहीं. इससे एक व्यक्ति के तौर पर मेरी खुशियों पर असर नहीं पड़ता. मैने थोड़ा समय लेकर चीजों को ठीक किया, मैं अब काफी सुकून महसूस कर रहा हूं.”उन्होंने कहा ,‘‘ मैं खुद पर अपेक्षाओं का इतना दबाव नहीं डाल सकता. मुझे अपने खेल का आनंद भी लेना है. मैने दबाव के लिये खेलना शुरू नहीं किया था.”

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *