जम्मू कश्मीर के पुंछ में पाकिस्तानी गोलीबारी में सेना का एक जवान शहीद

पाकिस्तान ने संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए बृहस्पतिवार को जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास अग्रिम ठिकानों पर गोलीबारी की जिसमें सेना का एक जवान शहीद हो गया। अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने पुंछ के कृष्णा घाटी सेक्टर में LOC के पास बिना उकसावे के गोलीबारी की। जिसका भारतीय जवानों ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया।

अधिकारियों ने बताया कि भारतीय सेना  ने पाकिस्तानी गोलीबारी का करारा जवाब दिया। उन्होंने बताया कि गोलीबारी में सेना की 10 JAK राइफल्स यूनिट  का हवलदार निर्मल सिंह  शहीद हो गया। एक रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि सिंह एक बहादुर और ईमानदार सैनिक थे। उन्होंने कहा कि राष्ट्र हमेशा उनके सर्वोच्च बलिदान और कर्तव्य के प्रति समर्पण के लिए उनका ऋणी रहेगा।

शहीद हवलदार निर्मल सिंह हरियाणा के रहने वाले थे। जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तानी सेना द्वारा स्नाइपर रायफल से दागी गई गोलियां लगने से सेना के हवलदार निर्मल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके साथ ड्यूटी पर तैनात अन्य जवानों ने उठाकर सैन्य अस्पताल पहुंचाया। लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने आखिरकार शाम को दम तोड़ दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *