इंदौर जिले के महू जनपद पंचायत कार्यालय में बुधवार शाम को जनपद पंचायत सीईओ पंकज दरोठिया के साथ जमकर मारपीट की गई है। उन्हें थप्पड़ और मुक्के मारे गए। इतना ही नहीं धक्का देकर जमीन पर पटक दिया और लातें मारी।
सीईओ दरोठिया मारपीट के बाद थाने में शिकायत दर्ज कराने पहुंचे
मारपीट का आरोप भाजपा से जुड़े चोरल क्षेत्र के जनपद पंचायत सदस्य उमेश औसारी, कालाकुंड सरपंच शिव दुबे, उनके भतीजे दीपक तिवारी समेत इनके 8-9 साथियों पर लगा है। हंगामे की आवाज सुनकर दफ्तर में मौजूद कर्मचारी वहां पहुंचे। जिसके बाद आरोपी कार्यालय के फरार हो गए।
इधर, पीड़ित अधिकारी अपने कर्मचारियों के साथ महू कोतवाली थाने पहुंचे और आरोपियों पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की। पुलिस ने शिकायती आवदेन ले लिया, लेकिन एफआईआर करने में आनाकानी करती रही। इधर, सीईओ एफआईआर की मांग पर थाने में ही बैठ गए।
लाइट गुल, 2 घंटे इंतजार कराया, फिर दर्ज किया केस घटना की सूचना पर जनपद पंचायत अध्यक्ष सरदार मालवीय, एसडीएम राकेश परमार और एसडीओपी ललित सिंह सिकरवार भी थाने पहुंच गए। इधर, दबाव बनने पर पुलिस ने एफआईआर लिखना शुरू की तो आश्चर्यजनक रूप से लाइट चली गई। काफी देर तक लाइट नहीं आई। इस दौरान सीईओ अपनी मांग को लेकर थाने में डटे रहे। आखिरकार दो घंटे इंतजार के बाद आरोपियों पर केस दर्ज किया गया।

यह बताई जा रही विवाद की वजह बताया जा रहा है कि चोरल गांव में कालाकुंड सरपंच शिव दुबे के भतीजे दीपक तिवारी की दुकान के बाहर नाली पर अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई चल रही थी। जिसका ये लोग विरोध कर रहे थे। विवाद बढ़ने पर चोरल क्षेत्र के जनपद पंचायत सदस्य उमेश औसारी और कालाकुंड सरपंच शिव दुबे अपने साथियों के साथ जनपद पंचायत कार्यालय पहुंचे और सीईओ से मारपीट की।
सीईओ ने पंकज दरोठिया ने ये बताया जनपद पंचायत सीईओ पंकज दरोठिया ने कहा कि मैं अपने ऑफिस में बैठकर शासकीय कार्य कर रहा था। तभी दीपक तिवारी और उसके साथ में 8 से 10 लोग आए और मुझसे हाथापाई करने लगे। उन्होंने मेरे साथ मारपीट की है। वो करीब 9 लोग थे। जनपद पंचायत सदस्य उमेश औसारी, कालाकुंड सरपंच शिव दुबे भी इनके साथ में थे।

सीईओ दरोठिया ने बताया- दीपक तिवारी ने सरकारी नाली पर भी अतिक्रमण किया है। उसकी जो भी दुकानें बनी हैं, उसमें पट्टे किसी और के नाम पर हैं। सरपंच और इनके बीच आपसी कोई मसला रहा होगा। कल जब हम पंचायत गए तो हमने उसे समझा भी दिया था कि आपके यहां जो भी काम हैं, हम वो कराएंगे।
एफआईआर लिखने के दौरान बिजली गुल पुलिस ने शुरुआत में सीईओ दरोठिया के साथ हुई घटना की जानकारी लेकर आवेदन लिखा। शाम 4 बजे की घटना के डेढ़ घंटे बाद पुलिस ने एफआईआर लिखना शुरू की। उसी समय क्षेत्र के बिजली गुल हो गई। करीब एक घंटे से ज्यादा समय तक एसडीएम सहित अन्य अफसर बिजली की इंतजार करते रहे। लंबे इंतजार के बाद भी लाइट नहीं आई तो सीईओ दरोठिया ने एसडीएम के समक्ष नाराजगी जाहिर की

विधायक को ज्ञापन देंगे, कलेक्टर के पास जाएंगे सचिव संगठन जिला अध्यक्ष विनोद शर्मा ने कहा कि जो आज घटना घटी है, वो दुर्भाग्यपूर्ण है। सचिव, रोजगार सहायक हम सब यहां पर एकजुट हुए हैं। हम इस मामले में स्थानीय विधायक को ज्ञापन देंगे। इस मुद्दे को हम कलेक्टर तक ले जाएंगे, क्योंकि हमारे एक अच्छे सीईओ जिन्होंने आज तक किसी को आहत नहीं किया। वो सभी को साथ में लेकर चलने वाले हैं। इसलिए हमले की घटना निंदनीय है।