बैड्स ऑफ बॉलीवुड विवाद: समीर वानखेड़े ने शाहरुख खान-रेड चिलीज पर 2 करोड़ का मानहानि केस, बोले- इमेज बिगाड़ी, हर्जाना कैंसर मरीजों को दूंगा

आर्यन खान ड्रग केस के जांच अधिकारी समीर वानखेड़े ने शाहरुख खान और उनकी प्रोडक्शन कंपनी रेड चिलीज पर 2 करोड़ रुपए का मानहानि का केस दायर किया है। आरोप हैं कि आर्यन खान ने अपनी डायरेक्टोरियल सीरीज बैड्स ऑफ बॉलीवुड के जरिए समीर वानखेड़े की इमेज खराब की है।

समीर वानखेड़े ने एक बयान जारी कर कहा है कि उन्होंने दिल्ली हाईकोर्ट में ये मानहानि का केस किया है। यह केस शाहरुख खान और गौरी खान की कंपनी रेड चिलीज एंटरटेनमेंट, ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स और कुछ अन्य के खिलाफ दायर किया गया है।

इसमें उन्होंने कोर्ट से अपील की है कि इन लोगों पर रोक लगाई जाए, नुकसान की भरपाई की जाए और सच्चाई साफ की जाए। उनका कहना है कि ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ नाम की वेब सीरीज में एक झूठा और बदनाम करने वाला वीडियो दिखाया गया है, जिससे उनकी छवि को नुकसान पहुंचा।

बयान में आगे कहा गया है कि यह सीरीज ड्रग्स के खिलाफ काम करने वाली एजेंसियों को गलत और नकारात्मक तरीके से दिखाती है, जिससे जनता का इन एजेंसियों पर भरोसा कम हो जाता है।

किस सीन पर हुआ विवाद?

दरअसल, सीरीज बॉलीवुड बैकड्रॉप पर बनी है। इसके पहले एपिसोड में दिखाया गया है बॉलीवुड सेलेब्स एक सक्सेस पार्टी का हिस्सा बने हैं, जिसके बाहर एक अधिकारी को ड्रग का सेवन कर रहे लड़के को गिरफ्तार करते दिखाया गया है। इस किरदार को समीर वानखेड़े से काफी मिलता-जुलता दिखाया गया है। सीरीज जारी होने के बाद सोशल मीडिया पर भी उस किरदार की तुलना समीर वानखेड़े से हुई थी

ये सीरीज 17 सितंबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई है।

बयान में समीर वानखेड़े ने ये भी कहा है कि वो हर्जाने के तौर पर मिलने वाली रकम को टाटा मेमोरियल कैंसर अस्पताल को कैंसर रोगियों के इलाज के लिए दान करना चाहते हैं।

आर्यन खान के ड्रग केस में जांच अधिकारी थे समीर वानखेड़े

2 अक्टूबर 2021 में नारकोटिक कंट्रोल ब्यूरो की टीम ने गोवा जा रहे कोर्डिएला क्रूज से आर्यन खान और उनके दोस्तों को ड्रग लेने के आरोप में गिरफ्तार किया था। तत्कालीन जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े की टीम, पैसेंजर बनकर शिप पर चढ़ी। रात 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चली छापेमारी में कोकीन और चरस सहित दूसरे ड्रग्स बड़ी मात्रा में जब्त किए गए।

आर्यन खान को इस मामले में कई हफ्तों तक आर्थर रोड जेल में रखा गया था। जमानत के कागजात में देरी के कारण आर्यन 30 अक्टूबर को आर्थर रोड जेल से रिहा हुए। फिर 27 मई, 2022 को आर्यन खान और 5 अन्य को पर्याप्त सबूत के अभाव में क्लीन चिट दे दी गई।

NCB ने ड्रग्स मामले में 6,000 पेज की चार्जशीट दायर की, जिसमें आर्यन खान समेत 14 आरोपियों के खिलाफ शिकायत की गई थी।

इस रेड के चलते समीर वानखेड़े भी जांच के दायरे में आ गए थे। उस समय उनकी और शाहरुख खान के बीच हुई चैट भी पेश की गई थी। चैट में शाहरुख, समीर वानखेड़े से मदद मांग रहे थे।

विवादों में है सीरीज बैड्स ऑफ बॉलीवुड

इस सीरीज में कई बॉलीवुड एक्टर्स ने कैमियो किया है। सीरीज के 7वें एपिसोड में रणबीर कपूर को ई-सिगरेट पीते दिखाया गया है। जिसके बाद उनके खिलाफ शिकायत दर्ज हुई है।

IANS के अनुसार, यह शिकायत विनय जोशी नामक व्यक्ति ने दर्ज कराई। उनका कहना है कि शो के सातवें एपिसोड में रणबीर कपूर ई-सिगरेट का इस्तेमाल करते दिखे, लेकिन इस दौरान किसी तरह की हेल्थ वॉर्निंग या डिस्क्लेमर नहीं दिया गया।

शिकायत के बाद NHRC ने सूचना और प्रसारण मंत्रालय को नोटिस भेजा है। आयोग ने कहा कि मंत्रालय इस तरह के कंटेंट को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए। आयोग ने यह भी कहा कि इस तरह के सीन युवा दर्शकों पर गलत असर डाल सकते हैं।

गूगल पर ट्रेंड कर रही है वेब सीरीज बैड्स ऑफ बॉलीवुड

आर्यन खान की वेब सीरीज बैड्स ऑफ बॉलीवुड गूगल पर लगातार ट्रेंड कर रही है। इस सीरीज में दिखाए गए एक किरदार को लेकर विवाद भी हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *