
इंदौर में बजरंग दल के पदाधिकारियों पर पुलिस के लाठी चार्ज की जांच शुरू हो गई है। एडीजी विपिन माहेश्वरी पुलिस अफसरों के बाद बजरंग दल कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के बयान लिए। बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि हमारी पिटाई सरकार को बदनाम करने की साजिश है। इसके प्रमाण में उन्होंने कुछ वीडियो भी एडीजी को सौंपे।
बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने बयान में पलासिया टीआई संजय बैस और डीसीपी धर्मेन्द्र भदौरिया के साथ महिला एसीपी और तीन टीआई को पूरे घटनाक्रम का जिम्मेदार बताया। उन्होंने बताया कि तीनों टीआई ने भी थाने के स्टाफ के साथ उनकी घेराबंदी की। जिसके बाद बीच में हमें पटककर पीटा गया। कार्यकर्ताओं ने भाजपा नेता कमाल खान का भी जिक्र किया। बताया कि कौन से पुलिस अफसर उसे बचाने में लगे हैं।
वीडियो सौंपे, नाम बताए, किन अफसरों के कहने पर हुआ लाठीचार्ज
बजरंग दल के पदाधिकारियों ने ADG को पुलिस मारपीट के वीडियो सौंपे। अपने बयानों में बताया कि लाठीचार्ज के दौरान वहां कौन-कौन अफसर मौजूद थे। इसके साथ ही उन्होंने बयान में यह भी नोट कराया कि किन अफसरों के कहने पर उन पर लाठियां बरसाई गईं।
बजरंग दल के पदाधिकारियों ने ADG विपिन माहेश्वरी को वह भी वीडियो दिखाए जिसमें वह मीडिया से बात कर रहे थे और अचानक पीछे से पुलिस ने उन पर लाठियां बरसाना शुरू कर दी।
सरकार को बदनाम कर चिन्हित कर मारा
बजरंगदल के विभाग संयोजक तन्नु शर्मा ने बताया कि पुलिस ने यहां किसी के इशारे पर सुनियोजित तरीके से सरकार को बदनाम करने की साजिश रची थी। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि आखिरी में 30 से 40 कार्यकर्ताओं के साथ पदाधिकारी बचे थे। जिन्हें पुलिस ने चिन्हित कर मारा है। जिसके सबूत भी सौंपे गए।
इसके साथ ही उन्होंने ADG को यह भी जानकारी दी कि बीजेपी नेता कमाल खान जिसके खिलाफ वह प्रदर्शन करने पहुंचे थे। उसका किन अफसरों के साथ उठना बैठना है। अफसर हर घटना की जानकारी उस तक भी पहुंचा रहे थे।
कार्यकर्ता अपने साथ वकील को भी ले गए
ADG विपिन माहेश्वरी की ओर से बयान के लिये इसके पहले बजरंग दल के 10 पदाधिकारी सहित कार्यकर्ताओं को नोटिस जारी किए थे। सोमवार को सभी को बयान देने के लिये पुलिस ऑफिसर्स मेस में बुलाया गया था। यहां एक-एक करके बंद कमरे में ADG माहेश्वरी ने के बयान लिए। बजरंग दल के पदाधिकारियों साथ यहां एडवोकेट अनिल नायडू भी पहुंचे थे।
8 कार्यकर्ताओं के बयान हुए, 2 के बाकी, इनमें से एक अस्पताल में भर्ती
ADG को इस मामले की रिपोर्ट जल्द से जल्द सरकार को सौंपना है। 15 जून की रात पुलिस की लाठीचार्ज से सबसे ज्यादा घायल हुए राजेश बिंजवे बयान के लिए नहीं आ सके। उनका अस्पताल में उपचार चल रहा है। इसके साथ ही अमन रोकड़े भी परिवार में गमी होने के चलते बयान देने नहीं पहुंचे थे।
ADG विपिन माहेश्वरी ने सोमवार को बजरंग दल के पदाधिकारी तन्नु शर्मा,अभिषेक उदेरिया, यश बचानी, जितेन्द्र जाट, आकाश ठाकुर, लोकेश प्रजापत, धमेन्द्र लोधी और धर्मेन्द्र बकवाले के बयान लिये। सभी ने सोमवार को पुलिस ऑफिसर्स मेस में बयान दिए।
इंदौर में बजरंग दल कार्यकर्ताओं पर पुलिस का लाठीचार्ज:जेल में भूख हड़ताल पर बैठे बजरंगी; गिरफ्तार कार्यकर्ताओं से मिलने भाजपा नगर अध्यक्ष पहुंचे सीआई जेल
इंदौर में पुलिस ने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज कर दिया। ये कार्यकर्ता नशे के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें दौड़ा दौड़ा कर पीटा। जिसके बाद कार्यकर्ता भागकर छप्पन दुकान की ओर गए। यहां उन्होंने दुकानों पर पथराव कर दिया। कई गाड़ियां तोड़ दी। हंगामे के बीच एक पुलिसकर्मी घायल हो गया।
मामला शहर के पलासिया चौराहे का है। गुरुवार शाम करीब 7 बजे बजरंग दल के कार्यकर्ता यहां जुटे। वे नशे के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। उन्होंने सड़क बैठकर नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शन के कारण जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने कई बार हटने के लिए कहा, लेकिन कार्यकर्ता नहीं माने। आखिरकार पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। बजरंगियों को मेडिकल के लिए एमवाय अस्पताल भेजा गया है। साथ ही तुकोगंज और पलासिया थाने के दो-दो पुलिसकर्मियों का भी मेडिकल कराया गया है। बोले थे शांति प्रदर्शन की बात, पहुंच गए 500 कार्यकर्ता