
एयर इंडिया का एक विमान आसमान में था और अचानक उसमें चमगादड़ दिखने से सनसनी फैल गई।प्लाइट को वापस दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड करना पड़ा. ये घटना गुरुवार की है, जब तड़के सुबह दो बजकर 20 मिनट पर एयर इंडिया की फ्लाइट ने दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट से न्यूवार्क के लिए उड़ान भरी, लेकिन अचानक से फ्लाइट में चमगादड़ दिखाई दिया.
फ्लाइट में चमगादड़ की मौजूदगी का पता चलते ही पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को इस बारे में बताया और फ्लाइट को वापस दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड कराया. फ्लाइट के करीब 30 मिनट तक हवा में रहने के बाद चमगादड़ देखा गया, इसके बाद फ्लाइट के कैप्टन ने फ्लाइट को बेस (दिल्ली) पर वापस ले जाने का फैसला किया.
एयर इंडिया के अधिकारी ने बताया कि AI-105 दिल्लीज न्यूवार्क फ्लाइट के लिए लोकल स्टैंडबाय इमरजेंसी घोषित की गई थी और फ्लाइट को वापस दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड कराया गया. करीब तीन बजकर 55 मिनट पर फ्लाइट लैंड हुई. फ्लाइट से चमगादड़ को बाहर निकालने के लिए वाइल्डलाइफ स्टाफ को बुलाया गया.
डीजीसीए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि फ्लाइट में धुआं करने के बाद मरे हुए चमगादड़ को बाहर निकाला गया. चमगादड़ बिजनेस क्लास में मरा हुआ मिला. सूत्रों ने कहा कि एयरलाइन ने इंजीनियरिंग टीम से घटना पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है. वहीं एयर इंडिया की इंजीनियरिंग टीम ने उड़ान सुरक्षा को अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट सौंपी और कहा कि फ्लाइट में चमगादड़ र्थड पार्टी की तरफ से आए थे.
एयर इंडिया के एक अधिकारी ने बताया इसका संभावित कारण खानपान के लिए वाहनों को लोड करना हो सकता है, क्योंकि हर समय चूहे और चमगादड़ उनके वाहन से ही आते हैं. बाद में यात्रियों को दूसरी फ्लाइट में ट्रांसफर कर दिया गया और एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-105 ने स्थानीय समयानुसार सुबह 11:35 बजे न्यूवार्क में लैंड किया.