
बीसीसीआई के मौजूदा अध्यक्ष सौरव गांगुली रविवार के दिन कोलकाता के अपोलो अस्पताल से डिस्चार्ड हो गए हैं. वहां डॉक्टर राणा दासगुप्ता ने मौजूद मीडियाकर्मियों से कहा, ‘वो (गांगुली) बिलकुल ठीक हैं.इससे पहले उन्हें शनिवार को छुट्टी मिलने वाली थी, लेकिन ऐसा हो न सका। याद हो कि उन्हें 27 जनवरी को कोलकाता के अपोलो अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।
28 जनवरी को एक ही माह में दूसरी बार उनकी एंजियोप्लास्टी की गई और धमनियों के अवरोध को हटाने के लिए दो स्टेंट भी डाले गए। मशहूर हृदयरोग विशेषज्ञ देवी शेट्टी ने तमाम परीक्षण और अस्पताल के चिकित्सकों के साथ परामर्श करने के बाद गांगुली की एंजियोप्लास्टी करने का फैसला किया था। गांगुली ने तीन सप्ताह पहले भी अपने आवास पर व्यायाम करते समय सीने में दर्द की शिकायत की थी, जिसके बाद जांच से पता चला कि उनकी धमनियों में तीन अवरोध हैं और उसे ठीक करने के लिए उन्हें एक स्टेंट भी लगाया गया था। पहली एंजियोप्लास्टी के बाद वह सात दिन अस्पताल में थे और 7 जनवरी को उन्हें छुट्टी दी गई थी।