
टीम इंडिया को पाकिस्तान के हाथों रविवार को खेले गए टी20 वर्ल्ड कप के मुकाबले में एकतरफा हार का सामना करना पड़ा. विराट कोहली की कप्तानी वाली भारतीय टीम को पाकिस्तान ने 10 विकेट से हरा दिया. इस मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. पाकिस्तान का ये फैसला एकदम ठीक रहा और टीम इंडिया के ओपनर रोहित शर्मा और केएल राहुल बिना कुछ करे ही आउट हो गए. शाहीन अफरीदी ने पावरप्ले में केएल राहुल और रोहित शर्मा को आउट किया, वहीं अपने दूसरे स्पेल में वो विराट कोहली का विकेट ले गए. शाहीन अफरीदी ने अपनी गेंदबाजी से तो दिल जीता लेकिन अपने आखिरी ओवर में उन्होंने ऐसी गलती कर दी जिसकी वजह से पाकिस्तान की जगहंसाई हो रही है.
दरअसल शाहीन अफरीदी ने 19वें ओवर में अपने ओवर थ्रो से भारत को 4 अतिरिक्त रन दे दिये और इससे पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम बिल्कुल खुश नहीं दिखे. वहीं दूसरी ओर भारतीय खिलाड़ी हार्दिक पंड्या मैदान पर हंसते दिखाई दिये.
अफरीदी का ओवर थ्रो, भारत को 4 रन का गिफ्ट:-अफरीदी के आखिरी ओवर की आखिरी गेंद पर हार्दिक पंड्या ने बाई का सिंगल चुराने की कोशिश की. विकेटकीपर मोहम्मद रिजवान ने गेंद शाहीन अफरीदी की ओर फेंकी और इस खिलाड़ी ने नॉन स्ट्राइक छोर पर विकेट को निशाना बनाया लेकिन ऐसा हो नहीं सका. गेंद विकेट पर तो नहीं लगी लेकिन वो लॉन्ग ऑफ बाउंड्री के फील्डर को छकाते हुए चार रनों के लिए चली गई. अफरीदी के इस थ्रो से भारत को बिना बैट का इस्तेमाल किए 5 रन मिले. ये देख भारतीय फैंस की खुशी का ठिकाना ही नहीं रहा. स्टेडियम में बैठे अभिनेता अक्षय कुमार और बीसीसीआई सचिव जय शाह भी खुशी से उछल पड़े. उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
आखिरी ओवर में अफरीदी ने 17 रन लुटाए:-बता दें शाहीन अफरीदी ने अपने आखिरी ओवर में 17 रन लुटा दिये. शाहीन ने अपनी आखिरी गेंद नो बॉल फेंकी जिसपर हार्दिक पंड्या ने चौका लगाया. इसके बाद फ्री हिट पर उन्होंने बाई के 5 रन दे दिये. नतीजा टीम इंडिया 150 के पार पहुंच गई. हालांकि शाहीन अफरीदी ने अच्छी गेंदबाजी की और अपने 4 ओवर में 31 रन देकर 3 विकेट लिए. हसन अली ने 2, शादाब खान और हारिस रऊफ ने 1-1 विकेट चटकाया. भारत की बात करें तो कप्तान विराट कोहली ने सबसे ज्यादा 57 रन बनाए वहीं ऋषभ पंत ने 39 रनों की पारी खेली.