बहुत ज़्यादा उबासी आए तो हो जाए सावधान, हो सकते है बीमारियों के संकेत

उबासी लेना हमारे शरीर की एक स्वाभाविक प्रतिक्रिया है, जो हर इंसान को होती ही है। अक्सर आप ये महसूस करते होंगे कि जब भी आप किसी और को जम्हाई लेते हुए देखते हैं तो आपको भी जम्हाई आ ही जाती है। कुछ जम्हाई तो ऐसी होती हैं जो कम समय के लिए होती हैं, लेकिन कुछ लंबी भी हो सकती हैं। साल 2013 में इंटरनेशनल जर्नल ऑफ अप्लाइड एंड बेसिक मेडिकल रिसर्च में एक अध्ययन प्रकाशित हुआ था, जिसमें बताया गया था कि जम्हाई लेने से मस्तिष्क में तापमान को नियंत्रित करने में मदद मिलती है। हालांकि बार-बार या बहुत ज्यादा जम्हाई आना शरीर में कई परेशानियों की वजह हो सकता है। अगर आपको बहुत ज्यादा जम्हाई आती है तो यह इन बातों का संकेत हो सकता है।

थकान होना
अगर आपको बहुत ज्यादा जम्हाई आ रही है तो हो सकता है कि आप बहुत ज्यादा थके हुए हों, लेकिन अगर ऐसा अक्सर होता है, तो आपको डॉक्टर से जरूर जांच करा लेनी चाहिए। यह शरीर में किसी और तरह की परेशानी की वजह भी हो सकता है।

नींद से जुड़ी समस्याएं
नींद से जुड़ी समस्याओं, जैसे कि स्लीप एपनिया और अनिद्रा के कारण भी लोगों को बार-बार जम्हाई आती है, क्योंकि नींद की कमी के कारण व्यक्ति को थकान महसूस होती है और उसे बहुत ज्यादा जम्हाई आने लगती है।

बेचैनी या डिप्रेशन
आपका शरीर जम्हाई के जरिए कुछ तनावपूर्ण स्थितियों, जैसे- बेचैनी, चिंता, डिप्रेशन के प्रति प्रतिक्रिया देता है और डिप्रेशन आज की सबसे बड़ी परेशानियों में से एक है। डिप्रेशन के कारण कई गंभीर बीमारियां हो सकती हैं।

अधिक दवाइयों का सेवन
जरूरत से ज्यादा दर्द निवारक दवाइयों का सेवन करने पर भी अधिक जम्हाई आ सकती है और इतना तो आप जानते ही होंगे कि अधिक दवाइयों का सेवन सेहत के लिए नुकसानदायक ही होता है।

मस्तिष्क की समस्याएं
बहुत अधिक जम्हाई लेना मस्तिष्क से संबंधित विकारों से भी जुड़ा हो सकता है, जैसे कि स्ट्रोक, ब्रेन ट्यूमर और मिर्गी। इसलिए अगर आपको बहुत जम्हाई आ रही है तो इसे बिल्कुल भी नजरअंदाज न करें बल्कि सचेत हो जाएं और डॉक्टर से सलाह लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *