बैतूल जिले के मुलताई में दंपती अपने डेढ़ साल के बच्चे को छोड़कर डैम में कूद गए। महिला का शव मिल गया है। पुलिस और गोताखोरों की टीम युवक को तलाश कर रही है।
शुभम करदाते (25) और रोशनी (22) ने साढ़े तीन साल पहले लव मैरिज की थी। शादी के बाद दोनों में विवाद होने लगे। शुक्रवार रात भी दोनों का झगड़ा हुआ। शनिवार सुबह 9 बजे दोनों ने डेढ़ साल के बेटे को सड़क किनारे छोड़ा और बुकाखेड़ी बांध में कूद गए।

युवक ने कूदते देखा, फिर पुलिस को बताया हतनापुर के रहने वाले मुन्ना परिहार ने दंपती को बांध में कूदते देखा। उन्होंने तत्काल ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी देवकरण डहेरिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सर्चिंग शुरू करवाई। घटना के बाग ग्रामीणों ने बच्चे को अपने पास रख लिया है। परिजनों का कहना है कि दोनों का अक्सर विवाद होता था।
पुलिस को रोशनी का शव मिला शुभम के चाचा दीपक पवार ने बताया कि पुलिस को रोशनी का शव मिल गया है। परिवार में शुभम के माता-पिता हैं। बहन की शादी हो गई है। शुभम मजदूरी करता था। दोनों में किस बात को लेकर झगड़ा हुआ था, अभी पता नहीं चला है।
दंपती डेढ़ साल के बेटे को सड़क किनारे छोड़ गए थे।

SDRF कर रही सर्चिंग थाना प्रभारी देवकरण डहेरिया ने बताया, सुबह 9.15 पर हमारे पास सूचना आई कि एक दंपती ने डैम में छलांग लगा दी है। हम नगरपालिका की टीम के साथ पहुंचे। एसडीआरएफ को भी सूचित किया। एसडीआरएफ के अधिकारी आए हुए हैं।
शुभम और रोशनी अपने बच्चे के साथ डैम आए थे। उनका एक रिश्तेदार यहीं से गुजर रहा था। उसने देखा कि दोनों ने बच्चे को दूर छोड़ा। वह अपनी अपनी बाइक खड़ी कर पाता, इससे पहले ही दोनों ने पानी में छलांग लगा दी।