भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी में गुरुवार रात को सनसनीखेज घटना में पुलिस अधिकारी दंपती की 17 वर्षीय छात्रा बेटी ने नौवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। उसने यह कदम क्यों उठाया? इसकी वजह फिलहाल सामने नहीं आ सकी है। मृतक छात्रा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त शालिनी दीक्षित और मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय में एडिशनल पुलिस अधीक्षक (एसपी) संदीप दीक्षित की बेटी थी।
घटना शहर के कमला नगर थाना क्षेत्र स्थित रिवेयरा हाइट्स कवर्ड कैंपस कॉलोनी की है। यहां मृतका छात्रा मेहती उर्फ मैत्री की नानी रहती हैं। कमला नगर थाने की टीआइ निरूपा पांडेय के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्रा चार इमली स्थित अपने घर से गुरुवार रात करीब पौने नौ बजे अपनी दादी को यह बताकर निकली थी कि वह नानी के घर जा रही है।
वह रिवेयरा हाइट्स कवर्ड कैंपस कॉलोनी में आठवीं मंजिल पर स्थित अपनी नानी के घर पहुंची थी, लेकिन वहां उसको नानी नहीं मिलीं। इसके बाद पता नहीं उसे क्या सूझा कि वह एक मंजिल और चढ़कर नौवीं मंजिला पर गई और वहां से नीचे कूद गई। पुलिस ने शव को हमीदिया अस्पताल की मर्च्युरी में रखवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना की सूचना पर पुलिस कमिश्नर हरिनारायणचारी मिश्र भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना की बारीकी से जांच करने के निर्देश दिए हैं।
छलांग लगाते बच्चों ने देखा था, माता-पिता चुनाव ड्यूटी पर थे
छात्रा को नौवीं मंजिल से छलांग लगाते हुए नीचे खेल रहे बच्चों ने देख लिया था। दरअसल, छात्रा ने जब नौवीं मंजिल से छलांग लगाई, तब नीचे बच्चे खेल रहे थे। उसके गिरते ही सभी बच्चे वहां से भाग गए। उसके गिरने की आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर आए। छात्रा की पहचान कर पुलिस को इसकी सूचना दी गई। छात्रा के माता-पिता विधानसभा चुनाव डृयूटी में लगे थे, इसलिए वे दोनों घर पर नहीं थे। घटना की जानकारी लगते ही मां मौके पर तत्काल पहुंच गई थीं। पिता सीहोर में थे, वे भी वहां से रवाना हो गए थे। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को एक डायरी मिली है। बच्ची को रोजाना डायरी लिखने का शौक था। वह अच्छी कविताएं लिखती थी। उसका एक छोटा भाई भी है।