भोपाल। अधिकारी पर छेड़छाड़ का मामला, महिला ने दर्ज कराई FIR – शिकायत पर संयुक्त संचालक ने कहा, ‘टच ही तो किया है, इसमें होता क्या है’ — देखें VIDEO

कृषि विभाग के सहायक संचालक मनोज चौधरी के खिलाफ महिलाकर्मी ने FIR दर्ज कराई है।

छेड़छाड़ के बाद संयुक्त संचालक को मेरी पत्नी ने 3 बार कॉल किया। हर बार आवाज नहीं आने का कहकर फोन काट दिया। पत्नी उनके पास पहुंची और आपबीती बताई। जवाब में उन्होंने कहा- ‘टच ही तो किया है। इसमें होता क्या है।’

ये कहना है भोपाल में कृषि विभाग की उस महिला कर्मचारी के पति का जिसने सहायक संचालक मनोज चौधरी पर छेड़छाड़ के आरोप लगाए हैं। जानकारी के मुताबिक महिला कर्मचारी जब आपबीती बताने संयुक्त संचालक के पास पहुंची तो उन्होंने कोई एक्शन नहीं लिया। इसके बाद उसने कोहेफिजा थाने में शुक्रवार को केस दर्ज कराया है। इससे पहले भी आरोपी अफसर ऐसी हरकत कर चुका है।

हमने पीड़ित महिला के पति ने बात की। उन्होंने आरोपी सहायक संचालक की करतूत बताई। दफ्तर में काम करने वाले प्यून पर भी गंभीर आरोप लगाए। इधर, आरोपों पर संयुक्त संचालक कृषि भोपाल बीएल बिलैया से संपर्क करने की कोशिश की। उन्होंने फोन नहीं उठाया और मैसेज का भी जवाब नहीं दिया।

महिला कर्मचारी पहले राज्य महिला आयोग में कर चुकी है शिकायत।

आरोप- प्यून बनाते हैं महिलाकर्मियों के वीडियो

महिला के पति ने कहा- मनोज चौधरी ने कार्यालय में प्यून लोगों को वीडियो बनाने के लिए रखा है। वो महिलाओं के अश्लील और आपत्तिजनक वीडियो बनाते हैं। महिलाओं का खाना खाते, पानी पीते, झुकते, उठते वीडियो बनाते हैं। इनका काम यही है। हर महिला के फोटो खींच लेते हैं। इनको महिलाओं के फोटो खींचने की क्या जरूरत है। ये इनका क्या करते हैं पता नहीं, लेकिन काफी समय से करते आ रहे हैं।

पत्नी को 3 साल से तंग कर रहा सहायक संचालक

महिला के पति ने बताया कि कृषि विभाग में सहायक संचालक मनोज चौधरी 3 साल से मेरी पत्नी के पीछे पड़ा हुआ था। वह लगातार परेशान और टॉर्चर कर रहा था। 8 नवंबर को दोपहर एक बजे मेरी वाइफ सीढ़ियों से उतरकर ट्रेजरी जा रही थी। उसी समय ये (मनोज चौधरी) सीढ़ी चढ़कर ऊपर जा रहा था।

इसी दौरान उसने मेरी पत्नी का हाथ पकड़ लिया। वह अश्लील हरकत करने की कोशिश करना चाह रहा था। तभी मेरी पत्नी ने उन्हें धक्का दिया और नीचे उतर गई। वहां सीधे 100 डायल पर कॉल लगाकर पुलिस बुला ली। उसके बाद पत्नी ने पूरी घटना की जानकारी मुझे दी।

यह पहली बार नहीं है। पिछले तीन सालों से मनोज चौधरी ऐसी हरकतें करता आ रहा है। जिसकी शिकायत हमने महिला आयोग में भी की है। साथ ही उनके डिपार्टमेंट के संचालक समेत वरिष्ठ अधिकारियों को भी की है। कोई भी अधिकारी संज्ञान लेने के लिए तैयार नहीं है।

मैं पिछले 8 महीने से संयुक्त संचालक बीएल बिलैया जी से मिलने के लिए समय मांग रहा हूं, लेकिन मिलने के लिए उनके पास समय नहीं है। न उनके पास है न एडिशनल डायरेक्टर के पास है।

फरवरी में भी की थी हरकत, फिर माफी मांगी

मेरी वाइफ 10-12 साल से नौकरी कर रही है। 12 फरवरी 2024 को मनोज चौधरी ने ये हरकत की थी। जिसके बाद इनके विभाग के अन्य अधिकारी केएल साहू, नितिन कुशवाहा आए थे। इन्होंने माफी मांगी। हमसे कहा कि हमें माफ कर दीजिए। आगे से ऐसी गलती नहीं होगी। हमने दया दृष्टि दिखाते हुए और फैमिली को ध्यान में रखते हुए माफ कर दिया था।

इसके बाद भी उसकी हरकतें बंद नहीं हुईं। इस बारे में अन्य महिला कर्मचारियों ने भी मनोज की शिकायत की है। नीचे कमिश्नर ऑफिस है। वहां पर एक अन्य महिला ने भी शिकायत की है और 38 पन्नों का एक आवेदन दिया है। उस पर भी इन लोगों ने कोई संज्ञान नहीं लिया है। पहले भी मनोज के खिलाफ कई महिलाएं शिकायत कर चुकी हैं। पर डिपार्टमेंट संज्ञान नहीं लेता है।

पूरा डिपार्टमेंट बीएल बलैया चला रहे हैं। वो अधिकारी संघ के अध्यक्ष हैं। वो किसी भी अधिकारी पर आंच नहीं आने देते।

कोहेफिजा थाना प्रभारी बृजेंद्र मर्सकोले ने कहा

सेक्शुअल हैरेसमेंट का केस दर्ज हुआ है। फरियादी से कथन लिए गए हैं। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगा।

अफसर ने महिला कर्मचारी से की गंदी हरकत

भोपाल में कृषि विभाग के सहायक संचालक मनोज चौधरी पर एक महिला कर्मचारी ने छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि अधिकारी ने उसे बैड टच किया। महिला की शिकायत पर कोहेफिजा थाना पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी अधिकारी के खिलाफ सेक्शुअल हैरेसमेंट की धाराओं में केस दर्ज किया गया है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *