छापेमारी के बाद नूपुर बोरा को हिरासत में ले लिया गया है. उन पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया गया है

गुवाहाटी:असम में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत मुख्यमंत्री विशेष सतर्कता सेल ने असम सिविल सेवा (ACS) की अधिकारी नूपुर बोरा के घर छापा मारा. इस दौरान टीम ने करीब 90 लाख रुपये नकद और 1 करोड़ रुपये से अधिक के सोने के गहने जब्त किए. कुल बरामदगी की कीमत लगभग 2 करोड़ रुपये आंकी गई है.
छह महीने से निगरानी में थीं बोरा
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बताया कि नूपुर बोरा पर पिछले छह महीनों से नजर रखी जा रही थी. आरोप है कि बोरा ने अपने कार्यकाल में गैर-कानूनी तरीके से भारी संपत्ति अर्जित की. जांच एजेंसियों के मुताबिक, बोरा जब बारपेटा जिले में सर्कल ऑफिसर थीं, तब उन्होंने कथित तौर पर सरकारी जमीनें अवैध रूप से संदिग्ध घुसपैठियों के नाम पर दर्ज करवाईं थी.
सहयोगियों पर भी शिकंजा
विजिलेंस टीम ने बोरा से जुड़े लोगों के ठिकानों पर भी छापेमारी शुरू कर दी है. इसी सिलसिले में बाघबर राजस्व सर्कल से जुड़े लाट मंडल सूरजित डेका के बहुमंजिला मकान पर भी छापा मारा गया डेका पर भी disproportionate assets (आय से अधिक संपत्ति) जुटाने और बारपेटा में कई जमीनें खरीदने का आरोप है. सूत्रों के मुताबिक, डेका ने यह संपत्ति नूपुर बोरा की मिलीभगत से हासिल की थी.