
विमान सेवा कंपनी इंडिगो शनिवार से हवाई अड्डे के काउंटरों पर चेक-इन कराने के इच्छुक यात्रियों से 100 रुपये सेवा शुल्क वसूल करेगी। कंपनी ने यह जानकारी दी है। बता दें कि कि उड्डयन मंत्रालय ने मई में कोरोना वायरस के मद्देनजर यात्रियों के लिये वेब चेक-इन अनिवार्य कर दी थी, ताकि लोगों को हवाई अड्डों पर चीजों को छूना न पड़े।
बयान में कहा गया है, ‘इंडिगो ने हवाई अड्डों पर चेक-इन कराने वालों से 100 रुपये सेवा शुल्क वसूलने का फैसला किया है, जो 17 अक्टूबर 2020 से प्रभावी होगा.’ बयान में कहा गया है, ‘हम यात्रियों को सरकारी दिशा-निर्देशों के अनुसार हमारी वेबसाइट और मोबाइल ऐप का इस्तेमाल कर वेब चेक-इन कराने के लिये प्रोत्साहित करते हैं. हवाई अड्डे पर चेक-इन कराने के लिये 17 अक्टूबर 2020 से 100 रुपये सेवा शुल्क वसूला जाएगा.’
दूसरी कंपनियां भी कर सकती हैं लागू:-वैसे माना यह जा रहा है कि अब आनेवाले दिनों में सभी एयरलाइंस कंपनियां इसे लागू कर सकती हैं। बता दें कि एविएशन मंत्रालय ने मई में एयरपोर्ट पर इंट्री के लिए यात्रियों को अनिवार्य कर दिया था कि वेब चेक-इन करना जरूरी है। जो यात्री वेब चेक-इन नहीं कराएंगे, उन्हें एयरपोर्ट पर प्रवेश नहीं मिलेगा। यह इसलिए किया गया था ताकि सोशल डिस्टेंसिंग मेंटेन हो सके।
वेब चेक-इन के जरिए मिलता है बोर्डिंग पास:-अगर आप वेब चेक-इन करते हैं तो आपको बोर्डिंग पास दे दिया जाता है। नए सिस्टम के तहत आपको बोर्डिंग पास का प्रिंट आउट भी नहीं निकालना होता है। आपको वेब चेक-इन के समय जो बोर्डिंग पास ईमेल या मोबाइल फोन पर आता है, उसी पर आप यात्रा कर सकते हैं। इंडिगो ने कहा है कि यह नया चार्ज शनिवार से ही लागू हो गया है।
मोबाइल ऐप या वेबसाइट का उपयोग करें:-इंडिगो ने कहा है कि हम यात्रियों को सरकारी निर्देशों के मुताबिक उत्साहित कर रहे हैं ताकि वे मोबाइल ऐप या वेबसाइट का उपयोग करें। कंपनी ने कहा कि बुकिंग चाहे कभी भी की गई हो, चार्ज उस पर लागू हो जाएगा। देश में 25 मई से घरेलू उड़ानों को चालू किया गया है। जबकि इंटरनेशनल फ्लाइट अभी भी बंद है।