
बिग बॉस की पूर्व प्रतियोगी अर्चना गौतम के पिता ने कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा के निजी सहायक (पीए) पर बेटी को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. संदीप सिंह के खिलाफ दर्ज करवाई गई शिकायत में कहा गया है कि उसने उनकी बेटी को धमकी दी. साथ ही “जातिवादी शब्द” भी बोले गए. उत्तर प्रदेश के मेरठ के परतापुर पुलिस थाने में ये शिकायत दर्ज करवाई गई है. मेरठ पुलिस ने आपराधिक धमकी और एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है.
अर्चना के पिता गौतम बुद्ध का आरोप है कि उनकी बेटी 26 फरवरी को प्रियंका गांधी के आमंत्रण पर छत्तीसगढ़ के रायपुर में कांग्रेस के महाधिवेशन में शामिल होने गई थी. वहां उन्होंने संदीप सिंह से गांधी से मिलने का समय मांगा था. लेकिन, उन्होंने प्रियंका गांधी से मिलवाने से मना कर दिया. साथ ही जातिसूचक शब्दों और अभद्र भाषा का भी इस्तेमाल किया. इसके अलावा उसने उसे जान से मारने की धमकी भी दी.”
औरतों से अपशब्द भाषा में बात करता है संदीप : अर्चना:-अर्चना ने कहा था कि उसने कांग्रेस को नहीं बल्कि प्रियंका गांधी को ज्वाइन किया था. जब वह पार्टी में शामिल हुईं तो कई गड़बड़ियां दिखीं. पार्टी के लोग ही कांग्रेस को नुकसान पहुंचाने में लगे हुए हैं. वहीं, संदीप को लेकर अर्चना ने कहा था कि उसे महिलाओं से बात करने की तमीज नहीं है. ये सभी औरतों से अपशब्द भाषा में बात करता है. अर्चना ने संदीप को चुनौती दी थी कि अगर उसके पास हिम्मत है तो जेल में भिजवा दे. वहीं, मेरठ के एसपी ने कहा है कि अर्चना की शिकायत पर आरोपी संदीप के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस की एक टीम इस घटना की जांच में जुटी हुई है.
मेरठ सिटी एसपी पीयूष सिंह ने एएनआई को बताया कि “बिग बॉस की पूर्व प्रतियोगी और कांग्रेस नेता अर्चना गौतम को कथित तौर पर धमकी देने के लिए कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा के पीए के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है.”