
Microsoft के मालिक बिल गेट्स और उनकी पूर्व पत्नी मेलिंडा गेट्स की बड़ी बेटी जेनिफर कैथरीन गेट्स की शादी हो चुकी है. इसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है.जेनिफर कैथरीन गेट्स ने मिस्र के नायल नासर से शादी कर ली.नायल नासर जेनिफर के कॉलेज सीनियर और ब्वॉयफ्रेंड हैं. दोनों ने जनवरी 2020 में ही सगाई कर ली थी. जेनिफर और नायल की शादी के बाद शनिवार दोपहर न्यूयॉर्क में रिसेप्शन पार्टी भी रखी गई थी, जिसमें करीब 300 मेहमाान पहुंचे थे. शादी में मेलिंडा गेट्स भी आई थीं. बता दें कि बिल गेट्स और मेलिंडा अगस्त 2021 में ही अलग हुए हैं.

कितनी है जेनिफर और नायल की संपत्ति?
जेनिफर की संपत्ति 150 करोड़ रुपये से ज्यादा है. उन्हें पिता की कुछ संपत्ति विरासत में भी मिलने वाली है. बिल गेट्स ने 2017 में ऐलान कर दिया था कि उनके बच्चों जेनिफर, फोएबे और रोरी को 75-75 करोड़ रुपये मिलेंगे. उनके बाकी पैसे परिवार के फाउंडेशन में जमा कराए जाएंगे. वहीं, नायल नासर के माता-पिता आर्किटेक्चर और डिजाइन फर्म के मालिक हैं. नासर फिलहाल कैलिफोर्निया में रहते हैं और मिस्र के प्रोफेशनल घुड़सवार हैं. वह कई बड़ी प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुके हैं. नासर ने 2013, 2014 और 2017 में इंटरनेशनल फेडरेशन फॉर इक्वेस्ट्रियन स्पोर्ट्स (FEI) वर्ल्ड कप फाइनल के लिए क्वालीफाई किया था. इसके अलावा वह एफईआई वर्ल्ड इक्वेस्ट्रियन गेम्स 2014 में भी हिस्सा ले चुके हैं. उन्होंने 2014 में नासर स्टेबल्स एलएलसी नाम से कैलिफॉर्निया में अपनी कंपनी शुरू की थी.

न्यूयॉर्क के नॉर्थ सेलम में हुआ रिसेप्शन
जेनिफर और नासर की पार्टी का आयोजन न्यूयॉर्क के नॉर्थ सेलम में 142 एकड़ के हॉर्स फार्म में किया गया. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस पार्टी पर 20 लाख डॉलर (15 करोड़ रुपये से ज्यादा) का खर्च आया. रिसेप्शन के बाद बिल गेट्स ने जेनिफर के साथ एल्टन जॉन के गाने ‘कैन यू फील द लव टूनाइट’ पर डांस भी किया. शादी में जेनिफर ने कस्टम वेरा वैंग गाउन पहना था. जेनिफर को 9 ब्राइडमेड्स ने मिलकर तैयार किया था.

कैसे हुई जेनिफर और नायल की मुलाकात?
बिल गेट्स की सबसे बड़ी गेटी जेनिफर गेट्स और मिस्र के नायल नासर दोनों ही घुड़सवार हैं. दोनों स्पोर्ट्स की वजह से ही मिले और नजदीक आए थे. दोनों ने पहली बार 2017 में अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया था. दोनों ने स्टेनफोर्ड यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन किया है. स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी से 2018 में ह्यूमन बॉयोलॉजी में डिग्री लेने के बाद जेनिफर ने एक साल का ब्रेक लिया. 26 अप्रैल 1996 को जन्मीं जेनिफर माउंट सिनाई में इकान स्कूल ऑफ मेडिसिन से मास्टर्स कर रही हैं.