
केक काटते और डांस करते हुए यह वीडियो वायरल हुआ है।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि युवती और उसके साथी फ्लाईओवर पर केक काटते और जमकर आतिशबाजी करते दिखाई दे रहे हैं। नियमों को ताक पर रखकर की जा रही इस तरह की गतिविधियों से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
फ्लाईओवर पर वीडियो और रील बनाने पर पुलिस पहले ही प्रतिबंध लगा चुकी है। इसके बावजूद यहां कई बार युवक-युवतियां वीडियो शूट करते और स्टंट करते नजर आ चुके हैं। यह वीडियो दो दिन पुराना बताया जा रहा है, लेकिन पुलिस ने इस पर मंगलवार को स्वत: संज्ञान लिया है।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की सत्यता की पुष्टि करने के बाद ही संबंधित के खिलाफ नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
तस्वीरों में देखिए युवती का बर्थडे मनाते हुए वायरल वीडियो…

पहले भी आ चुके हैं ब्रिज पर ऐसे मामले
1. चलती कार की छत पर बैठे थे युवक

इससे पहले ब्रिज बनने के बाद एक वीडियो सामने आया था, जिसमें फ्लाईओवर पर चलती कार की छत पर कुछ युवक बैठे थे और कुछ लड़के गेट से बाहर लटक रहे थे। ये वीडियो गौरीघाट के रहने वाले मोहन सेन ने अपने दोस्तों के साथ बनाकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया था। मोहन ने माना कि उसने यातायात नियमों का उल्लंघन किया और अपनी जान जोखिम में डाली। जबलपुर पुलिस ने मोहन की गाड़ी का 3 हजार रुपए का चालान कर नोटिस भेजा।
2. किन्नर माही ने फ्लाईओवर पर किया था डांस

ब्रिज पर डांस करती माही शुक्ला का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। पुलिस ने उसे तलाश कर हिदायत दी कि भविष्य में फ्लाईओवर या सड़क पर ऐसा डांस न करे। माही ने गलती स्वीकार करते हुए कहा कि उसका इरादा केवल जबलपुर को मिली इस बड़ी सौगात की खुशियां मनाने का था और अब ऐसा दोबारा नहीं करेगी।
3. रील बनाने वाले ‘पीके’ को ढूंढ रही पुलिस

अभिनेता आमिर खान की फिल्म पीके के किरदार जैसी एक्टिंग करते हुए एक युवक ने फ्लाईओवर पर वीडियो बनाया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने उसे तलाशना शुरू किया और ब्रिज पर 24 घंटे निगरानी रखी, ताकि स्टंट और रील बनाने वाले जोखिम भरे व्यवहार से रोके जा सके।