
2024 लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा ने शुक्रवार शाम को 15 राज्यों के प्रभारियों और सह प्रभारियों के नाम का ऐलान किया। इनमें राज्यों से हटाए गए कुछ मुख्यमंत्रियों और केंद्र से हटाए गए मंत्रियों को संगठन की जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही ऐसे ऐसे अधिकांश नेताओं को राज्य का प्रभार दिया गया है, जो पार्टी पदाधिकारी नहीं हैं, लेकिन चुनाव प्रभारी रह चुके हैं।


गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी को पंजाब-चंडीगढ़ और त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब को हरियाणा का प्रभारी बनाया गया है। वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर को केरल और महेश शर्मा को त्रिपुरा की जिम्मेदारी दी गई है।
ओम माथुर को केंद्रीय चुनाव समिति में शामिल करने के बाद अब उन्हें छत्तीसगढ़ भेजा गया है। छत्तीसगढ़ में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। माथुर संगठन के मंझे हुए खिलाड़ी माने जाते हैं।
राजस्थान में अरुण सिंह और मध्य प्रदेश में मुरलीधर राव पहले से प्रभारी थे, उन्हें फिर से ये जिम्मेदारी मिली।
बिहार की जिम्मेदारी राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े को दी गई है। पहले वह हरियाणा के प्रभारी थे।
बिहार के पूर्व मंत्री मंगल पांडे को पश्चिम बंगाल की जिम्मेदारी दी गई है, वह सुनील बंसल के साथ काम करेंगे।
झारखंड की कमान यूपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रह चुके लक्ष्मीकांत वाजपेयी को दी गई है।
नॉर्थ-ईस्ट के 7 राज्यों के लिए पार्टी प्रवक्ता संबित पात्रा और राष्ट्रीय सचिव ऋतुराज सिन्हा को समन्वयक और सह समन्वयक बनाया गया है।