दतिया में मॉर्निंग वॉक पर निकले भाजपा पार्षद की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर कौन थे। अभी यह पता नहीं चला है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। घटना मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे सेवढ़ा चुंगी चौराहे की है।
प्रत्यक्ष दर्शियों ने बताया कि वार्ड नंबर 1 के पार्षद कल्लू कुशवाहा रोज की तरह चौराहे पर टहलने आए थे, तभी अचानक हमलावर पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
गोली लगते ही वे मौके पर ही गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।
घटना के बाद की दो तस्वीरें

जमानत पर बाहर आए थे
सूचना मिलते ही कोतवाली थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई है। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि कल्लू कुशवाहा पर हत्या का केस दर्ज था, जिसमें उन्हें आजीवन कारावास की सजा हुई थी।
वे करीब चार महीने पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आए थे। फिलहाल, पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।