BJP ने JJP के साथ साढ़े 4 साल पुराना गठबंधन टूटते ही उस पर किया बड़ा हमला ! कैलाश विजयवर्गीय ने कही ये बड़ी बात – देखें VIDEO

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री हैं।

हरियाणा में भाजपा ने जननायक जनता पार्टी (JJP) के साथ साढ़े 4 साल पुराना गठबंधन टूटते ही उस पर बड़ा हमला किया है। BJP के राष्ट्रीय महासचिव और मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने दावा किया कि यह गठबंधन भाजपा ने तोड़ा है, न कि JJP ने। विजयवर्गीय यहीं नहीं रुके। उन्होंने कहा कि JJP की वजह से भाजपा की बहुत ज्यादा बदनामी हो रही थी इसलिए पार्टी को यह कदम उठाना पड़ा।

कैलाश विजयवर्गीय पिछले हफ्ते ही हरियाणा आए थे और 3 दिन पहले ही हरियाणा से लौटे हैं। उनके इसी दौरे के दौरान JJP से गठबंधन तोड़ने की पूरी पटकथा लिखी गई।

दरअसल, भाजपा ने 2019 की तरह इस बार भी हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीटें जीतने के लिए इन्हें 2 कलस्टर में बांट रखा है। इनमें से एक कलस्टर में अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल और सोनीपत सीट को रखा गया है।

इन्हीं सीटों पर पार्टी की चुनाव संबंधी तैयारियों की समीक्षा के लिए 8 और 9 मार्च को कुरुक्षेत्र और सोनीपत में मीटिंग रखी गई थी। इनमें से एक मीटिंग 9 मार्च को कुरूक्षेत्र विश्वविद्यालय (KU) ऑडिटोरियम में हुई थी और दूसरी सोनीपत में हुई।

इन बैठकों में शामिल होने कैलाश विजयवर्गीय हरियाणा आए थे और दोनों मीटिंग में नायब सैनी उनके साथ मौजूद थे।

हरियाणा सीएम नायब सिंह सैनी पदभार ग्रहण करते हुए।

हरियाणा से लौटने के तीसरे ही दिन फैसला

विजयवर्गीय के हरियाणा से लौटने के 3 दिन के अंदर ही BJP-JJP का गठबंधन टूट गया। मंगलवार को मध्यप्रदेश के इंदौर में मौजूद कैलाश विजयवर्गीय से जब पत्रकारों ने पूछा कि हरियाणा में JJP ने गठबंधन क्यों तोड़ लिया है? तो उन्होने कहा- गठबंधन उन्होंने नहीं, बल्कि हमने तोड़ा है।

कैलाश विजयवर्गीय ने कहा- हरियाणा में JJP के कारण हमारी पार्टी की बदनामी हो रही थी। मैं 3 दिन पहले हरियाणा में था और वहां हम लोगों की काफी चर्चा हुई। उसी चर्चा के दौरान आम सहमति से यह फैसला लिया गया कि JJP कुछ न कुछ इस तरह के काम कर रही है, जिससे हरियाणा सरकार की छवि खराब हो रही है। इसलिए हमें JJP से नाता तोड़ने का फैसला लेना पड़ा।

 

बोले- भाजपा को कोई नुकसान नहीं होगा

जब पूछा गया कि क्या गठबंधन टूटने से भाजपा को नुकसान होगा? तो विजयवर्गीय ने कहा कि बिल्कुल नुकसान नहीं होगा। हरियाणा में मनोहर लाल के नेतृत्व में बहुत विकास हुआ है और आज भी हो रहा है। हरियाणा में लोगों की इनकम बढ़ी है।

हरियाणा के पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला।

2014 में विजयवर्गीय के प्रभारी रहते ही BJP ने पाया था पूर्ण बहुमत

मध्यप्रदेश के इंदौर शहर से ताल्लुक रखने वाले कैलाश विजयवर्गीय इस समय BJP के राष्ट्रीय महासचिव हैं। वह छह बार विधायक का चुनाव जीत चुके हैं। वह एक भी बार नहीं हारे हैं।

2014 के हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले BJP ने कैलाश विजयवर्गीय को हरियाणा का चुनाव प्रभारी लगाया था। तब पहली बार भाजपा ने हरियाणा विधानसभा में अपने बूते पूर्ण बहुमत हासिल किया था और मनोहर लाल पहली बार मुख्यमंत्री बने थे।

2019 के लोकसभा चुनाव में विजयवर्गीय को भाजपा ने पश्चिम बंगाल की जिम्मेदारी दी और पार्टी ने वहां पहली बार 18 सीटें जीतीं। अब भाजपा ने उन्हें फिर से हरियाणा की 10 लोकसभा सीटें जिताने के लिए यहां भेजा है।

कैलाश बोले- लोगों को भाजपा को जिताने की आदत हो चुकी

कुरुक्षेत्र में पार्टी की कलस्टर लेवल की मीटिंग लेने के बाद कैलाश विजयवर्गीय ने दावा किया था कि भाजपा के हर कार्यकर्ता को हर काम करने की आदत हो गई है। इसी तरह हरियाणा की जनता को भी भाजपा को जिताने की आदत हो गई है। इस बार भी हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीटों पर भाजपा के प्रत्याशी जीतेंगे। उसके बाद विधानसभा चुनाव में भी भाजपा की सरकार बननी तय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *