मेयर प्रत्याशी को पति ने मारी गोली,खुद भी करली खुदकुशी।

बिहार के मुंगेर में सनसनीखेज घटना सामने आई हैं जिसमें भाजपा नेता अरुण यादव ने गोली मारकर मेयर प्रत्याशी अपनी पत्नी प्रीति कुमारी की हत्या कर दी, फिर खुद को भी गोली मार खुदकुशी कर ली है. यह जानकारी मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच करने के बाद दी. इस वारदात के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है. दोनों के बीच के वैचारिक विवाद को हत्या और खुदकुशी की वजह बताया जा रहा है.

यह वारदात मुंगेर जिले के लाल दरवाजा मोहल्ले में हुई है. यहां रहनेवाले बड़ा बाबू के नाम से चर्चित भाजपा नेता अरुण यादव का घर है. इस घर से लगातार दो गोली चलने की आवाज लोगों ने सुनी. आनन फानन में लोग उनके घर में घुसे. डरे-सहमे उनके परिवार वालों ने ग्रामीणों को बताया कि गोली की आवाज अरुण यादव के बेडरूम से आई है. तब परिजनों के साथ ग्रामीण भाजपा नेता के बेडरूम के पास गए. बेडरूम अंदर से बंद मिला. तब ग्रामीणों ने खिड़की से झांककर देखा गया तो अंदर पति-पत्नी लहूलुहान हालत में गिरे दिखे.

तब ग्रामीणों ने परिजनों के सामने रूम का दरवाजा तोड़ा. पत्नी प्रीति देवी का शव खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था, जबकि भाजपा नेता अरुण यादव का खून से लथपथ शव बिस्तर पर. दोनो के सिर पर गोली लगी थी. पहली नजर में घटनास्थल को देखने से यह लगता है कि भाजपा नेता ने अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद खुद को गोली मारकर जान दे दी है. बता दें कि अरुण यादव भाजपा के ओबीसी मोर्चा में उपाध्यक्ष थे जबकि पत्नी प्रीति कुमारी मुंगेर नगर निगम के होने वाले चुनाव में मेयर पद की प्रत्याशी. दोनों के बीच वैचारिक मतभेद की बात सामने आ रही है.

वारदात की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची कोतवाली थाने की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. मौके से पुलिस को एक कट्टा, एक पिस्टल और कई गोलियां मिली हैं. पुलिस ने दोनों शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. कोतवाली इंस्पेक्टर डीके पांडे के मुताबिक, हत्या और आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है. मामले की जांच की जा रही है. इस मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चा शुरू हो गई है. कुछ लोग कह रहे हैं कि अरुण यादव ने अपनी छवि सुधारने के लिए अपनी पत्नी को भाजपा में शामिल करवाया और फिर मुंगेर नगर निगम के मेयर पद का लिए प्रत्याशी घोषित करवा दिया था और इसको लेकर नगर निगम के क्षेत्र में दौरा भी कर रहा था .

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *