दिल्ली BJP के पूर्व उपाध्यक्ष जीएस बावा का पार्क में ग्रिल से लटका मिला शव, आत्महत्या की आशंका

दिल्ली बीजेपी  के पूर्व उपाध्यक्ष जीएस बावा  ने सोमवार शाम सुभाष नगर के झील वाले पार्क में ग्रिल से लटक कर आत्महत्या कर ली. 58 साल के जीएस बावा पश्चिमी दिल्ली  के फतेह नगर में रहते थे. सोमवार शाम करीब 6 बजे पार्क में घूम रहे लोगों ने पुलिस को जानकारी दी कि पार्क में किसी शख्स की लाश लटक रही है.

पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद पता चला कि शव दिल्ली भाजपा के पूर्व उपाध्यक्ष जीएस बावा का है. संदिग्ध परिस्थितियों में भाजपा नेता की मौत की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक पार्क से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. गौरतलब है कि पिछले विधानसभा चुनाव में बीजेपी के चर्चित प्रत्याशी तेजिंदर सिंह बग्गा के इलेक्शन एजेंट के रूप में जीएस बावा चर्चा में आए थे.

आपको बता दें कि हाल के दिनों में दिल्ली-एनसीआर में आत्महत्या से जुड़ी घटनाएं बढ़ गई हैं. बीते दिनों उत्तर प्रदेश के नोएडा में अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों ने आत्महत्या का प्रयास किया था, जिनमें से दो लोगों की मौत हो गई थी. पुलिस इन आत्महत्याओं की जांच-पड़ताल कर रही है. खासकर संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या के मामले सामने आने के बाद पुलिस घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *