नगर निगम के डिप्टी कमिश्नर को मारने उठा भाजपा नेता-देखें VIDEO

देवास नगर निगम के डिप्टी कमिश्नर (उपायुक्त) पर भाजपा नेता ने हाथ उठाने की कोशिश की। उसके साथ बीजेपी का एक पार्षद और दूसरी पार्षद का पति भी मौजूद था। उन्होंने भाजपा नेता का हाथ पकड़कर रोक लिया। घटना शुक्रवार शाम की है। इसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। अफसर का आरोप है कि भाजपा नेता ने मेरा जुलूस निकालने की धमकी दी। मुझे गालियां दीं। इस मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

निगम के डिप्टी कमिश्नर डॉ. पुनीत शुक्ला शाम को अपने केबिन में बैठे हुए थे। तभी भाजपा पार्षद मनीष सेन, पार्षद पति इरफान अली और पार्षद पति विनय सांगते वहां पहुंचे थे। वीडियो में ये सभी उपायुक्त से चर्चा करते दिख रहे हैं। इसी दौरान आरोपी भाजपा नेता और पार्षद पति इरफान अली अचानक हाथ उठाकर अफसर की ओर बढ़ा। हालांकि, पार्षद पति विनय सांगते ने उन्हें हाथ पकड़कर रोक लिया। इसका वीडियो वायरल हो रहा है

मामले में डिप्टी कमिश्नर ने थाने में शिकायती आवेदन दिया है। इसमें उन्होंने तीनों लोगों पर केबिन में घुसकर अभद्रता करने का आरोप लगाया है। वहीं, पार्षद और पार्षद पतियों ने भी थाने में शिकायत की है। उनका कहना है कि हम वार्ड के विकास कार्य को लेकर उपायुक्त से चर्चा करने गए थे लेकिन उन्होंने विनय सांगते पर जाति सूचक टिप्पणी की।

उपायुक्त ने पुलिस को सौंपा सीसीटीवी फुटेज

उपायुक्त पुनीत शुक्ला ने कहा, ‘पार्षद पति सीधे केबिन में आ गए। मेरे साथ अभद्रता और गाली-गलौज करने लगे। मुझे कहा- तू ज्यादा तेज चलता है। यहां अधिकारीपन नहीं दिखाना है। जैसा हम बोले, ऐसा ही करना है’। मैंने यह भी कहा कि आप मेरे कार्य से संतुष्ट नहीं है तो आप मेरे ऊपर बैठे निगमायुक्त से चर्चा कर सकते हैं। मैं भी आपके साथ चलता हूं। लेकिन वे कहने लगे कि ‘हम तेरे से निपटने आए है। तेरा जुलूस निकालेंगे’।

आज इरफान अली ने मेरे ऊपर हाथ उठाने की भी कोशिश की। मैंने कोतवाली थाने पर आवेदन देकर CCTV फुटेज सौंपा है। पार्षदों ने मेरे खिलाफ जो भी आरोप लगाए हैं, वह निराधार है।’

उपायुक्त पर लगाए जातिसूचक शब्द कहने के आरोप

इधर, घटनाक्रम के कुछ समय बाद पार्षद मनीष सेन के साथ भाजपा के दूसरे पार्षद भी सिटी कोतवाली पहुंचे और उपायुक्त पर जाति सूचक शब्द कहने की शिकायत कराई। मनीष सेन का आरोप है कि उपायुक्त शुक्ला पार्षदों को परेशान करते हैं। काम रोकते हैं। मैं जब अपने साथियों के साथ वहां गया तो उन्होंने विनय सांगते पर जातिगत शब्दों का प्रयोग किया और हमसे अशोभनीय बातें करने लगा। हमने उनसे बात करनी चाही तो हमारी झूठी रिपोर्ट लिखवाने थाने में आ गए।

पुलिस मामले की जांच करेगी

सिटी कोतवाली थाना प्रभारी दीपक यादव ने बताया कि नगर निगम के डिप्टी कमिश्नर पुनीत शुक्ला ने आवेदन दिया है। उनके साथ नगर निगम के कुछ पार्षदों ने गालीगलौज और अभद्रता की है। मामले में जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *