खंडवा में शनिवार रात भाजपा विधायक कंचन तनवे की कार से हुए एक सड़क हादसे में स्क्रैप कारोबारी कलीम जाटू घायल हो गए। हादसे के समय कार को विधायक का बेटा चला रहा था।
कार विधायक का बेटा चला रहा था।
घायल कलीम जाटू को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसमें पता चला है कि कार तेज रफ्तार में थी। रोड का आधा हिस्सा ट्रकों की लंबी कतार ने घेर रखा था, जिससे अंधेरा था।
कार रिलायंस पेट्रोल पंप को पार कर शराब दुकान के सामने जैसे ही पहुंची, रॉन्ग साइड से रोड क्रॉस करने की कोशिश कर रहा बाइक सवार कलीम जाटू कार की चपेट में आ गया।
फुटेज के अनुसार, विधायक पुत्र ने हादसा होते ही कार रोक दी थी। बताया जा रहा है कि कार में विधायक पुत्र के अलावा अन्य लोग भी सवार थे।

विधायक पुत्र पर लगा असंवेदनशीलता का आरोप घायल कलीम जाटू के भाई और कांग्रेस नेता अकरम जाटू ने विधायक पुत्र पर असंवेदनशीलता का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि विधायक पुत्र को इंसानियत दिखाते हुए घायल को अस्पताल लेकर आना चाहिए था, लेकिन वह मौके से भाग गए। कलीम के परिवार में चार बेटियां हैं।

एक्स-रे और सीटी स्कैन में फ्रैक्चर होने की बात नहीं मेडिकल जांच में राहत की खबर यह है कि घायल स्क्रैप कारोबारी कलीम जाटू को गंभीर चोटें नहीं आई हैं। एक्स-रे और सीटी स्कैन रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि उनके दोनों पैरों में कोई फ्रैक्चर नहीं है। केवल मामूली चोटें आई हैं।

सड़क किनारे खड़े ट्रकों पर पहले भी हो चुकी कार्रवाई जिस पंधाना रोड पर यह हादसा हुआ, वहां धर्मकांटा से लेकर छोटी नदी तक ट्रकों की अवैध कतार लगी रहती हैं, जिससे रोड पार्किंग स्थल बन गया है। इन ट्रकों की वजह से पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। डेढ़ साल पहले ट्रैफिक टीआई सौरभ कुशवाहा ने कार्रवाई कर ट्रकों को हटवाया था, लेकिन बाद में यह व्यवस्था फिर से शुरू हो गई।