भाजपा विधायक के बेटे का काफिला महाकाल लोक में घुसा, कलेक्टर-एसपी ने मौके पर लिया एक्शन – देखें VIDEO

भाजपा विधायक के बेटे को काफिले को एसपी और कलेक्टर ने दौड़ लगाकर रोका।
देवास से भाजपा विधायक गायत्री राजे के बेटे विक्रम सिंह गाड़ियों के काफिले के साथ उज्जैन में महाकाल लोक में घुस गए। कलेक्टर-एसपी ने जब यह देखा तो उन्होंने दौड़ लगाकर गाड़ियों को रोका। इसके बाद वाहनों को जब्त कर थाने पहुंचा दिया। गाड़ी वालों से कलेक्टर और एसपी की बहस भी हुई।।
दरअसल, शुक्रवार को नागपंचमी पर्व पर लाखों श्रद्धालु महाकाल मंदिर में दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। ऐसे में कुछ मार्गों को वन वे और कुछ पर गाड़ियों की एंट्री बंद कर दी थी। इसे सुरक्षा में बड़ी चूक माना जा रहा है।

कंट्रोल रूम तक थी गाड़ी ले जाने की परमिशन

विक्रम सिंह दोपहर 3.30 बजे नीलकंठ द्वार से महाकाल लोक में घुसे। यहां कंट्रोल रूम के पास वीआईपी गाड़ियों को रोका जाता है। यहीं से वीआईपी पैदल या ई-कार्ट से मंदिर तक जाते हैं, लेकिन विक्रम सिंह ने ऐसा नहीं किया। वह गाड़ियों का काफिला कंट्रोल रूम से ले जाते हुए महाकाल लोक तक लेकर गए। यहां से वे मानसरोवर तक पहुंच गए थे। इस दौरान वहां खड़े सुरक्षाकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई।

महाकाल लोक में गाड़ियों के प्रवेश कर जाने के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई।
कलेक्टर-एसपी के सामने से गुजरा काफिला

कंट्रोल रूम के पास कलेक्टर नीरज सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे थे। उनके सामने से गाड़ियों का काफिला महाकाल लोक तक पहुंच गया। इसके बाद एसपी और कलेक्टर दौड़ लगाकर वहां पहुंचे। उन्होंने गाड़ी ड्राइवर पर नाराजगी जताते हुए क्लास लगा दी। हालांकि, इस दौरान विक्रम सिंह महाकाल मंदिर में दर्शन के लिए पहुंच चुके थे।

कलेक्टर बोले- सभी गाड़ियों पर होगी चालानी कार्रवाई

उज्जैन कलेक्टर नीरज सिंह ने कहा कि गाड़ियों के काफिले ने अनधिकृत प्रवेश किया है। सभी को जब्त कर थाने पहुंचाया गया है। सभी पर चालानी कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर और एसपी ने गाड़ियों का काफिला रोका और उन्हें वापस भेजा।
विधायक पुत्र ने मांगी माफी, कहा- फाइन भरेंगे

हंगामे के बाद विक्रम सिंह ने माफी मांग ली। उन्होंने कहा कि गलती से नो एंट्री में घुस गए थे। गलत टर्न ले लिया था। सब पुलिसवाले पहचानते थे। उन्होंने कहा कि गलती तो हुई है। हमने कहा कि जितना भी फाइन होता है हमसे ले लीजिए। फाइन आधे घंटे में भर देंगे।

कांग्रेस विधायक बोले- मंदिर में ऐसी घटना से छवि खराब

कांग्रेस विधायक महेश परमार ने कहा कि भक्त आठ-आठ घंटे लाइन में लगकर दर्शन कर रहे हैं और बीजेपी विधायक का बेटा गाड़ियों को महाकाल लोक के अंदर तक ले जा रहा है। हालांकि, कलेक्टर और एसपी ने एक्शन लेते हुए गाड़ियों को रोक दिया, लेकिन भगवान के मंदिर में इस तरह की घटना से छवि खराब होती है। ये गलत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *