हिमाचल प्रदेश में BJP कार्यकर्ताओं ने डांस के लिए राजनाथ सिंह के भाषण को किया म्यूट

हिमाचल प्रदेश की जयराम ठाकुर के नेतृत्व वाली बीजेपी  सरकार के इस हफ्ते तीन साल पूरे हो गए हैं. सरकार के तीन साल पूरे होने पर राज्य में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया. हिमाचल के सोलन में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया था. कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए बीजेपी के वरिष्ठ नेता और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह  का विशेष संबोधन हो रहा था, इस दौरान बीजेपी कार्यकर्ता डांस करने लगे. उस वक्त मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और हिमाचल बीजेपी के अध्यक्ष सुरेश कश्यप भी मौजूद रहे।

यह कार्यक्रम सोलन के म्युनिसिपल कमेटी हॉल में आयोजित किया गया था. मोबाइल फोन से लिए गए वीडियो में महिलाओं और पुरुषों का एक समूह पारंपारिक लोक नृत्य ‘नट्टी’ पर नाचते हुए दिखाई पड़ रहा है.

वर्चुअल सेलिब्रेशन के लिए लगाए गए एक बड़े टेलीविजन स्क्रीन में रक्षा मंत्री संबोधित करते हुए नजर आ रहे हैं. हालांकि, डांस के दौरान टीवी की आवाज बंद कर दी गई और वीडियो में गाने की धुन सुनाई दे रही है. डांस कर रहे समूह में सोलन बीजेपी के नेता एवं कार्यकर्ता और स्थानीय नगर निकाय के पदाधिकारी शामिल हैं.

 

क्या बोले राजनाथ:-राज्य स्तरीय समारोह को दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से सम्बोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राज्य सरकार की शानदार और अभूतपूर्व उपलब्धियों के लिए मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के प्रयासों की सराहना की. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का देश को एक बड़ा तोहफा है, जो हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्यों के लिए वरदान साबित हो रही है। इस योजना के प्रभावी कार्यान्वयन में हिमाचल प्रदेश को दूसरा स्थान मिलने पर उन्होंने मुख्यमंत्री को बधाई दी. केन्द्रीय रक्षा मंत्री ने कहा कि अटल टनल रोहतांग न केवल लाहौल स्पीति ज़िला के लोगों को लाभान्वित करेगी, बल्कि यह सामरिक दृष्टि से भी बहुत महत्वपूर्ण है. उन्होंने हिमाचल प्रदेश को वीरभूमि का नाम देते हुए कहा कि प्रदेश के लगभग हर परिवार से एक सेवारत जवान अथवा पूर्व सैनिक है. प्रदेश भाजपा सचिव त्रिलोक जम्वाल ने इस अवसर पर राष्ट्रीय भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का सन्देश पढ़कर सुनाया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *