
कोरोना संक्रमण के संकट से निपटने के लिए दुनिया के अन्य देशों की मदद के लिए भारत आगे आया है। इसके मद्देनजर दूसरे देशों को कोरोना वैक्सीन भेजी जा रही है।इसी सिलसिले में भारत ने ब्राजील को कोविड-19 वैक्सीन की पहली खेप भेजी. ये वैक्सीन आज (शनिवार) सुबह वहां पहुंच गई. इससे खुश होकर ब्राजील के राष्ट्रपति जायर बोललसोनारो ने ट्वीट करके भारत का आभार जताया।
ब्राजीली राष्ट्रपति ने अपने ट्वीट में हनुमान जी की संजीवनी बूटी ले जाते हुए फोटो साझा करते हुए धन्यवाद भारत लिखा है और पीएम मोदी का आभार जताया है. उन्होंने दोनों देशों को एक प्रमुख भागीदार बताया है. उन्होंने लिखा, “नमस्कार, प्रधानमंत्री @narendramodi..ब्राजील ऐसे प्रयासों में शामिल होकर वैश्विक बाधा को दूर करने के लिए एक महान भागीदार होने के लिए सम्मानित महसूस करता है.. भारत से ब्राजील टीकों का निर्यात कर हमारी सहायता करने के लिए धन्यवाद. Dhanyavaad!”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्राजीली राष्ट्रपति के ट्वीट का जवाब देते हुए कहा है कि भारत स्वास्थ्य सेवा को मजबूत करने में सहयोग जारी रखेगा. उन्होंने लिखा, “यह सम्मान हमारा है, राष्ट्रपति @jairbolsonaro… कोविड -19 महामारी से एक साथ लड़ने में ब्राजील एक विश्वसनीय भागीदार होना चाहिए. हम स्वास्थ्य सेवा को मजबूत करने पर अपना सहयोग जारी रखेंगे.”
बता दें कि भारत ने शुक्रवार को कोविशील्ड वैक्सीन की 20 लाख खुराक ब्राजील को भेजी है. कोविशील्ड वैक्सीन एस्ट्राजेनेका और ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय द्वारा विकसित किया गया है और इसका उत्पादन सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया द्वारा किया जा रहा है. भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शनिवार की सुबह वैक्सीन की पहली खेप ब्राजील पहुंचने की पुष्टि की है. उन्होंने माल डिलीवरी का फोटो भी ट्विटर पर साझा किया है.