
Mumbai : फ़िल्म अभिनेता सलमान खान गैंगस्टर लॉरेंस डिसूजा के निशाने पर हैं। उसके घर पर गोलियां भी चलाई गई थी। सलमान खान को लॉरेंस गैंग की धमकियां मिलने के बाद Z प्लस सिक्योरिटी मिली है। अब एक बार फिर उनकी सुरक्षा में सेंध लगाने की कोशिश हुई, पर वह सफल नहीं हुई। उनके घर में एक शख्स के घुसने का मामला सामने आया। पुलिस के मुताबिक, यह घटना 20 मई की है, जिसका खुलासा गुरुवार को हुआ। पुलिस ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पकड़े गए आरोपी का नाम जीतेंद्र कुमार (23) है और वह छत्तीसगढ़ का रहने वाला है। 2 दिन में यह दूसरी घटना थी। पिछली रात ईशा छाबड़ा नाम की महिला ने भी गैलेक्सी अपार्टमेंट में घुसने की कोशिश की। इसे भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों मामलों में पुलिस जांच जारी है कि इनके घुसने का मकसद क्या था!
सलमान की सुरक्षा में तैनात पुलिस अधिकारी संदीप नारायण की शिकायत पर बांद्रा पुलिस ने एफआईआर दर्ज की। उन्होंने बताया कि 20 मई की सुबह 9:45 बजे एक अज्ञात व्यक्ति को गैलेक्सी अपार्टमेंट बिल्डिंग के आसपास घूमते देखा गया। उसे समझाया और चले जाने को कहा। इस पर आरोपी ने अपना मोबाइल फोन जमीन पर फेंककर तोड़ दिया। संदीप ने कहा कि वह शख्स शाम करीब 7:15 बजे फिर गैलेक्सी अपार्टमेंट के मुख्य द्वार पर वापस आया और इमारत में रहने वाले एक व्यक्ति की कार से गेट के अंदर प्रवेश कर गया। मौके पर मौजूद पुलिस कॉन्स्टेबल सुर्वे, महेत्रे, पवार और सुरक्षा गार्ड कमलेश मिश्रा ने तुरंत उसे हिरासत में लिया और बांद्रा पुलिस के हवाले कर दिया।
घर की बालकनी बुलेट प्रूफ
सलमान के अपार्टमेंट की बालकनी को 14 अप्रैल 2024 की फायरिंग के बाद बुलेटप्रूफ कर दिया गया। इस बालकनी से वह अपने फैंस का अभिवादन करते हैं।
सलमान को Y+ कैटेगरी की सुरक्षा मिली है, जिसमें 24 घंटे 11 जवान उनके साथ रहते हैं। 2023 में लॉरेंस गैंग से धमकी मिलने के बाद ही सलमान की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। उन्हें महाराष्ट्र सरकार की तरफ से Y+ कैटेगरी की सुरक्षा मिली है। 11 जवान हर समय साथ रहते हैं, इसमें एक या दो कमांडो और 2 पीएसओ भी होते हैं।
सलमान की गाड़ी के आगे और पीछे एस्कॉर्ट करने के लिए दो गाड़ियां हमेशा रहती हैं। इसके साथ-साथ सलमान की गाड़ी भी पूरी तरह बुलेटप्रूफ है। गैलेक्सी अपार्टमेंट पर हुई फायरिंग के बाद जनवरी में सलमान के अपार्टमेंट की बालकनी बुलेटप्रूफ कर दी गई है। साथ ही हाई रेजोल्यूशन कैमरे भी चारों तरफ लगाए गए हैं। पिछले महीने धमकी मिली थी, कार बम से उड़ाएंगे। पिछले साल 14 अप्रैल को सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट में फायरिंग हुई थी। इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग ने ली थी। इस केस में पुलिस ने 7 लोगों को गिरफ्तार किया था। इनमें से एक आरोपी ने खुदकुशी कर ली।
सालभर बाद फिर धमकी मिली
सलमान के घर फायरिंग के ठीक एक साल बाद पिछले महीने 14 अप्रैल 2025 को सलमान को फिर एक बार जान से मारने की धमकी मिली थी। मुंबई के वर्ली स्थित ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट में अज्ञात शख्स ने वॉट्सएप मैसेज कर सलमान की कार को बम से उड़ाने की बात कही। मैसेज में लिखा था ‘हम सलमान खान को घर में घुसकर मारेंगे।’ मुंबई की वर्ली पुलिस ने केस दर्ज करके आरोपी को अरेस्ट कर लिया था।