UK Covid Cases: ब्रिटेन में लगातार दूसरे दिन कोरोना के रिकॉर्ड मामले दर्ज, 88,376 लोग हुए संक्रमित, ओमिक्रोन का खतरा जारी

ब्रिटेन में गुरुवार को कोरोना वायरस के 88,376 नए मामले सामने आए हैं। यह लगातार दूसरा दिन है जब ब्रिटेन में कोरोना वायरस के रिकॉर्ड मामले सामने आए हैं। इसके अलावा संक्रमण से 146 और लोगों की मौत हुई है। ब्रिटेन में बुधवार को कोविड-19 के 78,610 मामले सामने आए थे। यह संख्या पिछले साल महामारी शुरू होने के बाद से देश में सबसे ज्यादा थी। इसके बाद आज उससे अधिक मामले सामने आ गए हैं जो कि अपने आप में एक रिकॉर्ड है।

यूके के अधिकारियों ने कहा है कि कोरोनावायरस का ओमीक्रॉन वेरिएंट  बड़ी तेजी से फैल रहा है, जिसमें हर दो से तीन दिनों में मामले की संख्या दोगुनी हो रही है. यूके स्वास्थ्य सुरक्षा एजेंसी ने कहा कि देश में अन्य 1,691 ओमीक्रॉन मामलों की पहचान की गई है, जिससे कुल मामले 11,708 हो गए हैं. हालांकि वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि ये संख्या बहुत अधिक होने की संभावना है.

ओमीक्रॉन से संक्रमण के मामले दो से भी कम दिनों में हो रहे दोगुने- पीएम:-इंग्लैंड के मुख्य चिकित्सा अधिकारी का कहना है कि ये संभव है कि इस सर्दी में कोविड -19 से दैनिक अस्पताल में भर्ती पिछली संख्या को पार कर जाए. हालांकि उन्होंने आगाह किया कि विशाल अनिश्चितता ओमीक्रॉन वेरिएंट के बारे में बनी हुई है. इस बीच ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने डाउनिंग स्ट्रीट में एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान सचेत किया कि ओमीक्रॉन से संक्रमण के मामले दो से भी कम दिनों में दोगुने हो रहे हैं, लेकिन उन्होंने उम्मीद जताई कि कोविड-19 वैक्सीन की बूस्टर डोज देने की मुहिम से इससे निपटने में मदद मिलेगी. जॉनसन की ओर से ओमीक्रॉन के खतरे को रोकने के लिए इस साल के अंत तक सभी वयस्कों को बूस्टर डोज देने का लक्ष्य रखा है.

कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमीक्रॉन को बेहद खतरनाक वेरिएंट माना जा रहा है और ये तेजी से दुनिया के ज्यादातर देशों में फैलता जा रहा है. हालांकि इस वेरिएंट को लेकर हर देश में सजगता बरती जा रही है. विश्व स्वास्थ्य संगठन की क्षेत्रीय निदेशक ने आगाह किया है कि वेरिएंट को ‘हल्का’ कहकर खारिज नहीं किया जा सकता क्योंकि ये तेजी से फैल रहा है. कोरोना के ओमीक्रॉन वेरिएंट से उत्पन्न चिंताओं के बीच डब्ल्यूएचओ दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्र की क्षेत्रीय निदेशक डॉ पूनम खेत्रपाल सिंह ने गुरुवार को कहा कि ओमीक्रॉन किसी भी अन्य पिछले वेरिएंट की तुलना में तेजी से फैल रहा है और इसे ‘हल्का’ कहकर खारिज नहीं करना चाहिए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *