अक्षर धाम मंदिर जाएंगे ब्रिटिश PM ॠषि सुनक , पत्‍नी अक्षता संग करेंगे पूजा-अर्चना

G20 समिट के लिए ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक भारत के दौरे पर हैं. वह आज समिट के पहले सत्र और दूसरे सत्र की बैठकों में शिरकत कर रहे हैं. सुनक रविवार यानी कल सुबह 6 से 6:30 बजे के बीच अपनी पत्नी अक्षता मूर्ति के साथ अक्षरधाम मंदिर पहुंचेंगे, जबकि सुबह 7:30 बजे अक्षरधाम मंदिर से बाहर निकलेंगे.

जानकारी के मुताबिक वह लगभग 1 घंटे तक मंदिर में वक्त बिताएंगे. दोनों का स्वागत स्वामी नारायण मंदिर के मुख्य पुजारी करेंगे और फिर उन्हें मुख्य मंदिर में ले जाकर पूजा कराएंगे. मंदिर में भगवान के दर्शन करने के बाद वह एक घंटे तक यहां रहेंगे. बताया जा रहा है कि मंदिर परिसर के अंदर मुख्य मंदिर के पीछे एक और मंदिर हैं, जहां जलाभिषेक किया जाता है. लिहाजा ब्रिटेन के पीएम वहां जलाभिषेक भी कर सकते हैं.
इसके बाद मंदिर के मुख्य द्वार के बाहर ऋषि सुनक की स्वामी नारायण मंदिर के मुख्य पुजारी के साथ फोटो ली जाएगी. पुजारी के साथ फोटो लेने के बाद ऋषि सुनक अपनी पत्नी के साथ अलग से फोटो लेंगे, क्योकि पुजारी महिला के साथ फोटो नहीं लेते हैं. कुछ फोटोग्राफ यादों के तौर पर ऋषि सुनक अपने साथ ब्रिटेन लेकर जाएंगे. मंदिर हमेशा पूरी तरह सेनेटाइज रहता है. अक्षरधाम मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा इलाके के डीसीपी और ज्वाइंट सीपी पहले ही जाकर ले चुके हैं.

शुक्रवार को भारत आने के बाद PM सुनक ने नई दिल्ली स्थित ब्रिटिश काउंसिल हेडक्वार्टर में एक स्थानीय स्कूल के कुछ बच्चों से मुलाकात की थी. ऋषि सुनक के साथ उनकी पत्नी अक्षता भी मौजूद रहीं. ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक की पत्नी अक्षता मूर्ति ब्रिटिश काउंसिल पहुंचने के बाद लॉबी में एक फुटबॉल के साथ भी ट्रिक्स करती हुई नजर आईं.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *