
बसपा सुप्रीमो शुक्रवार को अपना 65वां जन्मदिन मना रही हैं. इस मौके पर उन्होंने महत्वपूर्ण राजनीतिक घोषणा की है. उन्होंने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में अकेले दम पर विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया है. BSP प्रमुख मायावती ने कहा कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में किसी भी पार्टी के साथ गठजोड़ नहीं करेगी.और सभी सीटों पर खुद चुनाव लड़ेगी. साथ ही उन्होंने कहा कि अगर यूपी में उनकी पार्टी की सरकार बनती है तो सभी को मुफ्त कोरोना वैक्सीन दी जाएगी.
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, बीएसपी चीफ मायावती ने कहा कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में होने वाले विधानसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी किसी राजनीतिक दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी. पार्टी सभी सीटों पर अपने बलबूते पर चुनाव लड़ेगी.
मायावती ने सरकार के COVID-19 वैक्सीनेशन कार्यक्रम शुरू करने के फैसले का स्वागत करते हुए केंद्र और राज्य सरकारों से सभी लोगों मुफ्त में कोरोना वैक्सीन देने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि यदि उत्तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी की सरकार आती है तो वह सभी को मुफ्त कोविड-19 वैक्सीन देगी.
बीएसपी सुप्रीमो ने कृषि कानूनों को लेकर किसानों की मांगों का एक बार फिर समर्थन किया है. मायावती ने कहा कि बसपा केंद्र सरकार से दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे किसानों की सभी मांगें स्वीकार करने का आग्रह करती है.