जूनी इंदौर में रविवार अल सुबह एक व्यापारी की फॉरचुनर कार चोरी हो गई। बताया जाता है कि बदमाश क्रेटा कार से आए थे। जिसे नजदीक ही खड़ी कर आरोपियों ने व्यापारी की कार चुरा ली। पुलिस अब सीसीटीवी के माध्यम से आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
जूनी इंदौर पुलिस के मुताबिक घटना सर्वोदय नगर की है। यहां व्यापारी दिनेश परवाल की फॉरचुनर कार MP09CW0090 रविवार सुबह करीब 5 बजे चोरी हो गई। पुलिस के मुताबिक बदमाश एक सफेद रंग की क्रेटा कार से यहां पहुंचे। उन्होंने पहले यहां दिनेश परवाल की कार का बोनट खोलकर उसका सेंसर बंद किया। इसके बाद आरोपियों ने कार का लॉक तोड़ा ओर उसे चुराकर ले गए।
दो मिनट में दिया वारदात को अंजाम
आरोपियों ने यहां चोरी की वारदात को दो मिनट में ही अंजाम दे दिया। पुलिस के मुताबिक जिस कार से बदमाश आए थे। उसके नंबरों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस के मुताबिक आसपास के कैमरों के फुटेज तलाशे जा रहे हैं। बदमाश कार को किन रास्तों से लेकर निकले है। इसके लिये भी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।