मेट्रिमोनियल साइट पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर युवक ने महिला से ठगे 10 लाख रुपए , शिकायत के बावजूद गिरफ्तारी नहीं

छिंदवाड़ा में तलाकशुदा महिला को दूसरी शादी के लिए मेट्रिमोनियल साइट पर प्रोफाइल बनाना महंगा पड़ गया। दिल्ली के रहने वाले युवक ने खुद को एयरफोर्स ऑफिसर बताकर उससे 10 लाख रुपए ठग लिए। युवक ने शादी के लिए मेट्रिमोनियल साइट पर महिला से बात शुरू की। पर्सनल और प्रोफेशनल डिटेल्स शेयर करने के बाद दोनों में शादी के लिए सहमति बन गई। इसके बाद दो से तीन दिन के अंदर युवक फ्रॉड कर फरार हो गया।

अब महिला युवक के खिलाफ शिकायत लेकर भटक रही है। पुलिस को आवेदन दिया, लेकिन एक महीने बाद भी FIR नहीं हो सकी है। महिला का कहना है कि पुलिस उल्टा उसे ही दोषी ठहरा रही है।

पीड़ित ने धोखाधड़ी की पूरी कहानी बताई…

साल 2019 में मेरा तलाक हुआ था। जनवरी 2023 में मैंने मैट्रिमोनियल साइट पर प्रोफाइल बनाई। प्रोफाइल मैच होने के बाद जून महीने तक कई लड़कों ने संपर्क किया। यह सबकुछ उसी साइट पर चैटिंग के जरिए होता रहा। कुछ अच्छे प्रस्ताव भी आए। हमारे समाज में कई तरह की परंपराएं हैं, जो अलग-अलग होने की वजह से बात नहीं बढ़ सकी।

24 जून को नई दिल्ली के रहने वाले एक युवक ने चैट के जरिए मुझे रिस्पांस किया। उसने अपना नाम मुकीम खान बताया। 25 जून को दोनों ने मोबाइल नंबर एक्सचेंज किए। उसी दिन दोनों के बीच वीडियो कॉल पर बात हुई। उसने मेरी फोटो मांगी, ताकि अपने परिवारवालों को दिखा सके। बातचीत के बाद हमने एक-दूसरे को अपनी-अपनी फोटो भेजीं। इसके बाद दोनों के बीच वीडियो कॉल और वॉट्सएप चैट के जरिए लगातार बातचीत होने लगी।

मुकीम ने कहा था कि वह एयरफोर्स में अधिकारी है। मूलरूप से गुजरात का रहने वाला है। फिलहाल, नई दिल्ली में पोस्टिंग है। मुकीम ने बताया कि डिलीवरी के समय उसकी पत्नी की मौत हो गई। एक बेटी है। उसी की देखभाल करना है। मुझे मुकीम की प्रोफाइल और फैमिली बैकग्राउंड अच्छी लगी। दोनों के बीच बातचीत होने लगीं, तो मुकीम ने कॉन्फ्रेंस कॉल पर अपनी सिस्टर से भी बात कराई। अपनी मां, बेटी और भाई से भी बात कराई। एयरफोर्स में नौकरी का प्रमाण भी दिया। उसने अपना सर्विस आई कार्ड और आधार कार्ड भी शेयर किया। 25 जून से 19 जुलाई तक उसने अपने और परिवार से जुड़ी कई बातें बताईं।

मुझे भरोसा हो गया कि सबकुछ ठीक है। अच्छा परिवार मिल रहा है। अब हमें एक-दूसरे को आमने-सामने देखना था। 20 जुलाई को मुकीम ने फोन किया। कहा- वो मिलने के लिए 22 जुलाई को छिंदवाड़ा आ रहा है। मैंने कहा कि मैं खुद स्टेशन रिसीव करने आऊंगी। हम दोनों मिले और कुछ देर तक बातें कीं। उसने कहा कि पास के होटल तक स्कूटी से छोड़ दो। दोनों कुछ दूर गए और फिर वो होटल जाने का बोलकर चला गया। मुझे नहीं पता कि वो किस होटल में रुका था।

23 जुलाई को हम दोबारा मिले। मुकीम ने बताया- गुजरात में मेरी दुकान थी, जो बिक गई है। उसके 2 करोड़ 30 लाख रुपए मिलने हैं। मैं नौकरीपेशा हूं। अपने बैंक खाते में ये रुपए नहीं बुलवा सकता। इतनी बड़ी रकम अगर मेरे खाते में एक साथ जमा होगी, तो कई तरह के टैक्स लग जाएंगे। उसने कहा कि वो मेरे खाते में रकम जमा कराएगा, लेकिन परेशानी यह थी कि मेरे पास बैंक अकाउंट नहीं था। तब वो मुझे इंडसइंड बैंक की ब्रांच में लेकर गया। वहां खाता खुलवा दिया। मेरे खाते का अकाउंट डिटेल मिलने के बाद उसने कई लोगों को भेजा। उन्हें फोन कर पैसे ट्रांसफर करने के लिए कहा।

मुकीम यह सबकुछ मेरे सामने ही कर रहा था। मैंने सोचा कि कोई बात नहीं, जब जीवनभर साथ रहना है…शादी करनी है, तो फिर मुझे मुकीम की मदद करनी चाहिए। उस दिन मुकीम ने कई लोगों को पैसे भेजने को लेकर फोन पर बात की। हालांकि, कहीं से भी एक रुपया खाते में जमा नहीं हुआ। वो बातें ही करता रहा। इसके बाद मैं घर आ गई। मुकीम होटल के लिए बोलकर चला गया।

कहा- हमारे यहां शादियों में गहने पहनने का चलन है

महिला ने पुलिस को गहनों की तस्वीरें उपलब्ध करवाई हैं, जो आरोपी महिला से लेकर गया है।

24 जुलाई को मुकीम ने बताया कि हमारी फैमिली पुराना ट्रेडिशन फॉलो करने वाली है। शादियों में आज भी जेवर का चलन है। 50-60 तोला सोने के जेवर लड़की पक्ष की ओर से दिए जाते हैं। उसने कहा कि मेरी एक खाला (मौसी) हैं। शादी को लेकर उनकी सहमति जरूरी है। वो तुम्हें पसंद करेंगी, उसके बाद ही शादी की डेट फाइनल हो सकती है। वो तुम्हें देखना चाहती हैं। तुम ऐसा करना कि तुम्हारे पास जितने भी जेवर हैं, उन्हें पहनकर मेरी खाला (मौसी) से बात करना।

मुकीम ने कहा कि गहने पहनकर नहीं आना। आजकल क्राइम बढ़ गया है। अनहोनी हो सकती है, इसलिए सुरक्षित जगह पर बैठकर बात करेंगे। वहीं तुम गहने पहन लेना। बात करने के बाद गहने उतारकर रख लेना। जैसा उसने बोला, मैंने वैसा ही किया। सभी गहने लेकर स्कूटी की डिक्की में रखे। मुकीम से मिलने चली गई। रास्ते में मुकीम मिला। कहने लगा कि पहले बैंक चलते हैं। देखते हैं कि तुम्हारे खाते में पैसा आया कि नहीं। इसके बाद किसी रेस्टोरेंट में बैठकर वीडियो कॉल पर खाला से बात करेंगे।

मेरी ही स्कूटी से दोनों बैंक पहुंचे। मुकीम ने बैंक से कुछ दूरी पर स्कूटी खड़ी कर दी। मेरे साथ बैंक के अंदर पहुंचकर खाते में पैसे क्रेडिट होने को लेकर पूछताछ करने लगा। थोड़ी देर बाद कहने लगा कि स्कूटी की चाबी दे दो, गाड़ी को बैंक के सामने खड़ा कर देता हूं। इसी दौरान उसने स्कूटी में रखे जेवर उड़ा दिए। बैंक में आकर वॉशरूम जाने की बात करने लगा। इसके बाद मुझे बातों में उलझा कर रखा। फिर दोनों स्कूटी से बस स्टैंड की तरफ रवाना हुए। बस स्टैंड पहुंचते ही उसने कहा कि मैं वॉशरूम से आता हूं। इसके बाद वो नहीं लौटा।

शादी की सहमति के बाद डिलीट करा दिया प्रोफाइल

मामले की शिकायत लेकर महिला कोतवाली थाने पहुंची। यहां कहा गया कि लिखित में आवेदन दीजिए। 8 अगस्त को लिखित में आवेदन दिया, लेकिन 20 अगस्त तक एफआईआर नहीं हो सकी। महिला के मुताबिक, पुलिस वाले कह रहे हैं कि जांच चल रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर जांच में जुटी है।

महिला ने बताया कि मुकीम ने शादी के लिए सहमति बनने के बाद उसका प्रोफाइल डिलीट करवा दिया। उसने कहा कि जब हम दोनों की शादी तय हो चुकी है, तो मैट्रिमोनियल साइट पर प्रोफाइल रखने का मतलब नहीं है।

पर्याप्त सबूत और जानकारी के बावजूद गिरफ्तारी नहीं

महिला का कहना है कि पुलिस ने साइबर टीम की मदद से सीसीटीवी फुटेज जुटाए हैं, इनमें आरोपी स्पष्ट दिखाई दे रहा है। पुलिस जांच की बात कह रही है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। आरोपी युवक अभी भी मैट्रिमोनियल साइट पर एक्टिव है। जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो वह दूसरी लड़कियों को भी ठगी का शिकार बना सकता है। महिला ने आरोपी के प्रोफाइल पर संपर्क करना चाहा, तो जवाब नहीं मिला।

पीड़िता ने बताया कि उसके पास आरोपी युवक का आधार कार्ड और उसकी फोटो है। मैट्रिमोनियल साइट पर उसकी प्रोफाइल में भी जानकारी दर्ज है। जिस मोबाइल नंबर से युवक बात करता था, उस नंबर पर वॉट्सऐप मैसेज भी जा रहा है। आरोपी युवक मैसेज पढ़ रहा है, लेकिन रिप्लाई नहीं दे रहा। इतने सबूत होने के बाद भी उसे गिरफ्तार नहीं किया जा सका है।

सीएसपी अजय राणा ने कहा कि मैट्रोमोनियल साइट से जुड़े मामलों में कई तकनीकी पहलू भी होते हैं, इसलिए जांच में ज्यादा समय लगता है। संबंधित मामले में पीड़िता की शिकायत पर उचित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *