
इंदौर के विजय नगर में स्थित पब में बुधवार रात एक युवक ने पब मैनेजर पर नशे की हालत में हमला कर दिया। मैनेजर ने युवक को पब में घुसने नहीं दिया था। इसके चलते आरोपी ने पब मैनेजर के सिर पर रॉड से हमला कर दिया। देर रात सूचना के बाद यहां पुलिस पहुंची और आरोपी युवक को लेकर थाने आ गई। पुलिस ने मामले में उसे गिरफ्तार कर लिया। वह रातभर थाने में बैठा माफी मांगता रहा। जानकारी के अनुसार विजय नगर इलाके की सतगुरु परिणय बिल्डिंग के नीचे ड्रिंक एक्सचेंज क्लब है। रात में यहां मयंक गर्ग नाम का युवक नशे में धुत होकर पहुंचा था। उसने मैनेजर कुणाल परमार से बहस की। इस दौरान कुणाल ने उसे मौके से भगा दिया। कुछ देर बाद युवक रॉड लेकर आया और मैनेजर के सिर पर हमला कर दिया। गिरने के दौरान कुणाल ने युवक को धक्का दिया। जिसके चलते वह गमले पर जा गिरा। इसके बाद दूसरे कर्मचारियों ने उसे पकड़ लिया। बाद में पुलिस भी मौके पर पहुंची और उसे पकड़कर थाने लेकर आ गई। यहां रातभर मयंक को पुलिस ने जमीन पर बैठा कर रखा, जहां वह पुलिस से माफी मांगता नजर आया।