तालाब में गिरी कार, भाजपा नेता समेत दो की मौत

 

कार को पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया।

कटनी में एक कार लक्ष्मण सागर तालाब में गिर गई। कार सवार दो युवकों ने तैरकर जान बचा ली, लेकिन दो लोग अंदर ही फंसे रह गए। भाजपा नेता समेत दो की मौत हो गई।

हादसा बिलहरी में शनिवार रात करीब साढ़े 11 बजे हुआ। भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष प्रशांत नायक (28) अपने दोस्त विकास तिवारी (26), अभिषेक चौरसिया (26) और अमन ताम्रकार (26) कार से कटनी से अपने घर बिलहरी लौट रहे थे।

कार विकास चला रहा था। तेज रफ्तार के कारण विकास ने कार पर से नियंत्रण खो दिया। बेकाबू कार पहले सड़क किनारे खड़े एक ऑटो रिक्शा से टकराई और फिर लक्ष्मण सागर तालाब में जा गिरी।

प्रशांत नायक और विकास तिवारी कार बाहर नहीं निकल पाए और तालाब में डूबने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। अभिषेक चौरसिया और अमन ताम्रकार किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे और तैरकर अपनी जान बचाई। उन्होंने तत्काल घटना की सूचना पुलिस और स्थानीय लोगों को दी।

हादसे के बाद की तस्वीरें…

रेस्क्यू टीम तालाब में उतरी और कार को क्रेन के हुक में फंसाया।

पुलिस टीम की मदद करने स्थानीय लोग भी इकट्ठा हो गए।

कड़ी मशक्कत के बाद कार को तालाब से बाहर निकाला गया।

कार में दो लोग फंसे थे। उन्हें बाहर निकाला तो वे मृत पाए गए।

क्रेन से तालाब से बाहर निकाली कार

घटना की सूचना मिलते ही बिलहरी चौकी प्रभारी सुयश पांडे अपने स्टाफ के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अंधेरे में ही राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस ने स्थानीय लोगों और क्रेन की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद कार को तालाब से बाहर निकाला।

कार के अंदर फंसे प्रशांत नायक और विकास तिवारी मृत पाए गए। पुलिस ने शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। चौकी प्रभारी सुयश पांडे ने बताया कि मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।

हादसे में इनकी हुई मौत…

मृतक प्रशांत नायक, भाजपा के युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष थे। 5 साल से राजनीति में सक्रिय थे। परिवार का टेंट का बिजनेस है।

मृतक विकास तिवारी, पुणे में एक मल्टीनेशनल प्राइवेट कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत था। विकास के पिता पुराने समय के जमींदार भी माने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *