चंदन नगर थाना पुलिस के अनुसार राजनगर, रामानंद नगर, नंदन नगर, दामोदर नगर और पंचमूर्ति नगर में देर रात वाहनों को निशाना बनाया गया। करीब एक दर्जन वाहनों के कांच तोड़े गए हैं।

इनमें पूर्व पार्षद राजेश चौहान की कार भी है। एक कार में ईट भी मिली है।

डायल 112 और बीट स्टाफ मौके पर पहुंचा
सूचना के बाद डायल 112 और बीट के जवान मौके पर पहुंचे। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रात 8 बजे के बाद क्षेत्र में नशेड़ी सक्रिय हो जाते हैं। कई बार इसकी सूचना पुलिस को दी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
ट्रैवल्स की गाड़ियां भी शामिल
पूर्व पार्षद राजेश चौहान के अलावा अंकित बहनिया, जितेंद्र धारवा और भाऊ साहब की कारें तोड़ी गई हैं। अंकित ने बताया कि वह टैक्सी के रूप में टवेरा चलाते हैं। जितेंद्र भी टैक्सी का काम करते हैं, जबकि भाऊ साहब भी इसी व्यवसाय से जुड़े हैं। अन्य प्रभावित लोगों की जानकारी उन्हें नहीं है।
पुलिस घटना के समय के आधार पर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फिलहाल कोई फुटेज हाथ नहीं लगा है।