
भारत और इंग्लैंड के बीच एजबेस्टन टेस्ट के दौरान पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर वीरेंद्र सहवाग अपने एक बयान की वजह से चर्चाओं में हैं। दरअसल, इंग्लैंड की पहली पारी के दौरान तीसरे दिन अच्छी बल्लेबाजी कर रहे सैम बिलिंग्स का जब विकेट गिरा तो विराट कोहली खुशी में नाचने लगे। इस पर हिंदी कमेंट्री कर रहे सहवाग ने कोहली को छमिया कह कर बुलाया। इस पर सोशल मीडिया पर लोग सहवाग की आलोचना कर रहे हैं।
सहवाग ने क्या कहा?
दरअसल, इंग्लैंड की पारी के दौरान 60वें ओवर में मोहम्मद सिराज ने सैम बिलिंग्स को क्लीन बोल्ड किया। इसके बाद फील्डिंग कर रहे कोहली डांस करने लगे। इस पर हिंदी कमेंट्री कर रहे मोहम्मद कैफ ने सहवाग से कहा- विराट कोहली का डांस तो देखिए। इस पर सहवाग ने कोहली का मजाक बनाते हुए कहा- छमिया नाच रही है। सहवाग का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
सोशल मीडिया पर लगी क्लास:-इसके बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने सहवाग की जमकर क्लास लगाई है। लोगों ने सहवाग की आलोचना करते हुए कहा कि यह किस तरह की कमेंट्री है। सहवाग को अपनी भाषा पर ध्यान देनी चाहिए।
मैच में क्या हुआ?
भारत ने ऋषभ पंत के 146 रन और रवींद्र जडेजा के 104 रन की बदौलत पहली पारी में 416 रन बनाए थे। जवाब में इंग्लैंड की पहली पारी 284 रन पर सिमट गई। जॉनी बेयरस्टो ने 106 रन की पारी खेली। वहीं, बिलिंग्स 36 रन के साथ दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। भारत की ओर से सिराज ने सबसे ज्यादा चार विकेट झटके। वहीं, बुमराह ने तीन और शमी ने दो विकेट झटके। शार्दुल ठाकुर को एक विकेट मिला। टीम इंडिया अपनी दूसरी पारी में बल्लेबाजी कर रही है।