
बॉलीवुड एक्ट्रेस और भारतीय जनता पार्टी की चंडीगढ़ से सांसद किरण खेर एक प्रकार के ब्लड कैंसर से पीड़ित हैं और मुंबई में उनका इलाज चल रहा है. इस बात की जानकारी बीजेपी के एक सहयोगी ने दी है. किरण खेर मल्टीपल मायलोमा से पीड़ित हैं जो ब्लड कैंसर का एक प्रकार है. बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए चंडीगढ़ के BJP प्रेसिडेंट अरुण सूद ने बताया कि 68 साल की किरण खेर को पिछले साल ब्लड कैंसर की शिकायत हुई थी। उनका इलाज चल रहा है और उनमें काफी सुधार हुआ है।
सूद ने बताया, “पिछले साल 11 नवंबर को चंडीगढ़ के घर में किरण खेर का हाथ टूट गया था। चंडीगढ़ के पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च में मेडिकल टेस्ट कराने के बाद उन्हें मल्टीपल माइलोमा होने का पता चला। यह बीमारी उनके बाएं हाथ और दाहिने कंधे तक फैला हुआ है। इसके बाद 4 दिसंबर को वह इलाज के लिए मुंबई गई।”
उनके लेटेस्ट टेस्ट के मुताबिक, उनके हाथ और कंधे से कैंसर का असर कम हुआ है। सूद ने कहा, “वह 4 महीने के इलाज के बाद अब ठीक हैं और उन्हें कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती रहने की भी जरूरत नहीं है।” उन्हें बीच बीच में चेकअप के लिए अस्पताल जाना पड़ता है।
किरण खेर 2014 में पहली बार चंडीगढ़ से सांसद बनी थी। उन्होंने कांग्रेस के पवन बंसल और आम आदमी पार्टी के सेलेब्रिटी उम्मीदवार गुल पनाग को हराया था।