PUBG समेत 118 ऐप्स बैन होने पर बौखलाया चीन, भारत से अपनी गलती सुधारने को कहा

सीमा पर चीनी सेना के साथ जारी तनातनी के बीच भारत ने चीन पर एक और ‘डिजिटल स्ट्राइक’ की है. भारत सरकार ने बुधवार को 118 और चीनी मोबाइल ऐप्स पर बैन लगा दिया है. इनमें PUBG के अलावा Baidu, APUS लॉन्चर प्रो जैसे ऐप शामिल हैं. भारत की ओर से उठाए गए इस कदम के बाद चीन बौखला गया है. चीन के वाणिज्य मंत्रालय  ने भारत सरकार के इस कदम पर कड़ा विरोध जताया है और भारत  से अपनी गलती सुधारने को कहा है. न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, चीन के वाणिज्य मंत्रालय ने गुरुवार को कहा वह चीनी मोबाइल ऐप बंद करने के भारत के कदम का कड़ा विरोध करता है. भारत के इस कदम से चीनी निवेशकों और सेवा प्रदाताओं के कानूनी हितों का उल्लंघन हुआ है. चीन के वाणिज्य मंत्रालय के प्रवक्ता गाओ फेंग ने कहा कि चीन भारत से अपनी भूल सुधारने के लिए कहता है.

चीन से जुड़े कुल 224 मोबाइल ऐप पर प्रतिबंध
इससे पहले जून में भारत ने टिकटॉक समते 59 चीनी ऐप पर बैन लगाया था। जुलाई में भी चीन से जुड़े 47 मोबाइल ऐप प्रतिबंधित किए गए थे। इस तरह अब तक चीन से जुड़े कुल 224 मोबाइल ऐप पर प्रतिबंध लग चुका है। आइए समझते हैं कि ये ऐप बैन चीन के लिए कितनी बड़ी चोट हैं और इसके जरिए भारत क्या संदेश देना चाहता है। बुधवार को जिन मोबाइल ऐप पर प्रतिबंध लगाया गया उनमें पबजी, पबजी लाइट समेत बायदू, बायदू एक्सप्रेस एडिशन, अलीपे, टेनसेंट वॉचलिस्ट, फेसयू, वीचैट रीडिंग, गवर्नमेंट वीचैट, टेनसेंट वेयुन, आपुस लॉन्चर प्रो, आपुस सिक्यॉरिटी, कट कट, शेयरसेवा बाइ शाओमी और कैमकार्ड जैसे ऐप शामिल हैं।

इनमें से ज्यादातर ऐप के भारत में बड़ी तादाद में यूजर्स थे। कई भारतीय युवाओं को तो लोकप्रिय गेमिंग ऐप पबजी की एक तरह से लत लगी हुई है। बात अगर भारत में पबजी ऐप के डाउनलोड की करें तो इसे 5 करोड़ से ज्यादा बार डाउनलोड किया जा चुका था। भारत में उसके 3.3 करोड़ ऐक्टिव यूजर थे, जो बहुत बड़ी संख्या है। अब इन पर प्रतिबंधों से चीनी कंपनियों की कमाई सीधे-सीधे प्रभावित होगी। पबजी को वैसे तो एक साउथ कोरियन कंपनी ने डिवेलप किया था लेकिन इसके जितने भी वर्जन जारी होते हैं, उसे चीनी कंपनी टेंसेंट जारी करती है।

भारत में ही था पबजी मोबाइल गेम का सबसे बड़ा यूजर बेस
गेमिंग की दुनिया में डंका बजाने वाले पबजी मोबाइल ऐप के सबसे ज्यादा यूजर भारत में ही हैं। यह गेम गूगल प्ले स्टोर पर टॉप 5 में शुमार था। एक रिपोर्ट के मुताबिक सिर्फ 2020 के पहले क्वॉर्टर में पबजी को 6 करोड़ लोगों को डाउनलोड किया था। इतना ही नहीं, मई में पबजी दुनिया का सबसे ज्यादा मुनाफा कमाने वाला मोबाइल गेम बना था। उसे 22.6 करोड़ डॉलर यानी करीब 1700 करोड़ रुपये का राजस्व मिला था। अब भारत में बैन से न सिर्फ पबजी का यूजर बेस घटेगा बल्कि तगड़ी आर्थिक चोट भी पहुंचेगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *