
चीन में कोरोना महामारी एक बार फिर से पैर पसार रही है. कई शहरों में कोरोना संक्रमण में मामलों में बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है. चीन में रविवार को 3,393 नए कोविड-19 मामले दर्ज किए गए हैं. करीब दो साल बाद पहली बार 3300 से ज्यादा कोरोना संक्रमण के मामले दर्ज किए गए हैं.
चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने कहा, फरवरी 2020 के बाद से ये कोरोना मामलों का उच्चतम दैनिक आंकड़ा है. कोरोना के बढ़ते मामलों को देख अधिकारियों ने एहतियात के तौर पर शंघाई में स्कूलों (Schools) को बंद कर दिया है और साथ ही कई पूर्वोत्तर शहरों में लॉकडाउन लगा दिया गया.
दुनियाभर में कोरोना के मामले 44.66 करोड़ को पार कर गए हैं वहीं मृतकों की संख्या करीब 60 लाख के आसपास पहुंच गई है. ध्यान देने वाली बात ये है कि पिछले एक महीने में दुनियाभर में कोरोना के 5.22 करोड़ से अधिक केस सामने आए हैं, जबकि दो लाख से ज्यादा लोगों ने इस खतरनाक वायरस से जान गंवा दी है.
फ्रांस (France) ने 80 से अधिक उम्र के लोगों लिये कोरोना वायरस (Coronavirus) की चौथी खुराक देने की तैयारी शुरु कर दी है. फ्रांस के प्रधान मंत्री जीन कास्टेक्स ने कहा कि फ्रांस 80 से अधिक उम्र के लोगों को कोविड वैक्सीन की चौथी खुराक (Fourth Dose) देने जा रहा है. ये खुराक उन लोगों को दी जाएगी जिसे बूस्टर डोज़ लिये हुए तीन महीने से अधिक समय हो गया है.