
देश का सबसे स्वच्छतम शहर इंदौर महिलाओं की सुरक्षा के मामले में ‘गंदा शहर’ बन रहा है , अन्नपूर्णा क्षेत्र में मार्निंग वॉक पर निकली दो महिलाओं से लूट और चाकू से वार करने का मामला सामने आया है। दोनों महिलाओं ने बदमाशों से संघर्ष भी किया। एक बदमाश ने चाकू से 3 से 4 बार किए। फिर भी दोनों महिलाओं ने अपने मंगलसूत्र नहीं छोड़े तो बदमाश आधे मंगलसूत्र तोड़कर भाग गए। चाकू लगने से एक महिला के हाथों में गंभीर चोट आई है।
वहीं दूसरी ने बाल खींचने के बाद साहस दिखाकर शोर मचाया, लेकिन सुबह का वक्त होने से कोई मदद के लिए नहीं आ सका। वहीं इस दौरान पुलिस भी नजर नहीं आई। बाद में बदमाश सड़क का डिवाइडर फांदकर दूसरी लेन में पहुंचे और बाइक स्टार्ट कर खड़े अपने तीसरे साथी के साथ भाग गए। घटना के सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं, जिसमें महिलाएं बदमाशों से संघर्ष करती दिख रही हैं।
यह सनसनीखेज घटना शनिवार सुबह अन्नपूर्णा मेन रोड की है। महू नाका स्थित अप्पाजी की बगीची में रहने वाली 49 वर्षीय पूर्णिमा पति नितिन वैद्य अपनी सहेली माधुरी गुप्ता (52) के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकली थीं। सुबह करीब पौने 7 बजे वे वॉक कर घर लौट रही थीं, तभी पीछे से दो बदमाश दौड़ लगाकर उनके पास आए। एक ने माधुरी के पीछे से बाल खींचे और गले का सोने का मंगलसूत्र झपटा, लेकिन उन्होंने मंगलसूत्र का पैंडल वाला हिस्सा पकड़ लिया तो वह टूट गया।
आधा मंगलसूत्र बदमाश लूटकर ले गया। वहीं दूसरा बदमाश चाकू लेकर पूर्णिमा के पास आया और सीने पर चाकू अड़ाकर मंगलसूत्र मांगने लगा। उन्होंने शोर मचाया तो उसने चाकू से तीन-चार वार कर दिए। बचने के लिए हाथ अड़ाए, जिस पर गंभीर घाव हो गए।
इसी दौरान बदमाश ने सोने का डेढ़ तोला वजनी मंगलसूत्र झपटा तो उसे पकड़ लिया। इसमें मंगलसूत्र टूट गया और आधा हिस्सा बदमाश लूट कर ले भागा। संघर्ष करते हुए देखकर दोनों बदमाश दौड़कर सड़क के डिवाइडर को फांदकर महू नाका की ओर जाने वाले मार्ग की तरफ भागे।
4 किमी पैदल घूमने जाते हैं, कहीं पुलिस नहीं दिखती:-पूर्णिमा ने बताया उनके पति एलआईसी में रीजनल मैनेजर हैं वही सहेली माधुरी के पति निजी कंपनी में हैं। दोनों करीब 3 से 4 किमी रोज वॉक करती हैं। लेकिन जिन स्थानों से वे गुजरती हैं वहां कभी पुलिस की गश्त नजर नहीं आई।
दुकानों में अलसुबह चोरी, फुटेज भी मिले, चोरों को नहीं पकड़ पाई पुलिस:-क्षेत्र के व्यापारी भी घटना से आक्रोशित हैं। क्योंकि कुछ दिन पहले ही अन्नपूर्णा मेन रोड पर सुबह 4 से 5 बजे के बीच दो मेडिकल शॉप के ताले तोड़कर लाखों माल चुराकर ले गए थे। बदमाशों के फुटेज भी सामने आए, लेकिन पुलिस अब तक बदमाशों को पकड़ नहीं पाई। क्षेत्र के रहवासियों ने बताया कि रात में एक दो बार गाड़ी सायरन बजाकर निकल जाती है। सुबह 4 से 6 के बीच पुलिस कि गश्त नहीं होती। ना ही वे नजर भी आते हैं।
प्राचार्या विमुक्ता हत्याकांड के बाद गुस्सा है शहर:-बीएम कालेज की प्राचार्य विमुक्ता शर्मा को जिंदा जलाए जाने की घटना के बाद शहर गुस्सा है। पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने तो मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान से मुलाकात कर महिला अपराधों से अवगत करवाया।इस मुलाकात के तीसरे दिन ही दो बदमाशों ने महिलाओं को निशाना बना लिया।
महिला अपराधों को गंभीरता ले रही पुलिस:-पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान कर रही है।कुछ संदेहियों को हिरासत में लिया है।महिला अपराधों को लेकर पुलिस संवेदनशील है। इस मामले में क्राइम ब्रांच को भी जिम्मा सौंपा है।
– हरिनारायणाचारी मिश्र पुलिस आयुक्त।
इंदौर में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध चिंता का विषय है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मिलकर उन्हें इंदौर में महिला अपराध, नशे के कारोबार आदि के बारे में बताया है। जिस तरह शासकीय योजनाओं को लेकर वे कलेक्टरों के साथ वीसी के माध्यम से बातचीत करते हैं, इसी तरह कम से कम तीन महीने में वे एक बार पुलिस के आला अधिकारियों के साथ भी सीधा संवाद करें। इससे पुलिस अधिकारियों के कामकाज की निगरानी ठीक से हो सकेगी।
– सुमित्रा महाजन, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष।