
राज्य में तापमान बढ़ने के साथ-साथ आग का तांडव मचा हुआ है, वही मध्यप्रदेश के इंदौर जिले से लगातार आग लगने की घटना सामने आ रही है। अब शहर के चंदन नगर थाना क्षेत्र में रविवार को स्वाध्याय प्रिंटिंग प्रेस में भीषण आग लग गई। फैक्ट्री में केमिकल के ड्रम रखे थे, जिसके कारण ज्यादा आग फैल गई। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर बड़ी मुश्किल से आग पर काबू पाया। आग की चपेट में आने से एक कर्मचारी गंभीर झुलस गया है।
इस अग्निकांड में फैक्ट्री संचालक की लापरवाही सामने आई है। फैक्ट्री में सुरक्षा के कोई उपकरण भी मौजूद नहीं थे। फायर एसपी ने फैक्ट्री की अनियमितता की जानकारी एडीएम को दी है। आग की चपेट में आने से फैक्ट्री का कर्मचारी विजय यादव झुलस गया है। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती किया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।