
वाराणसी (UP) की ज्ञानवापी मस्जिद को लेकर छिड़े विवाद की आग अब इंदौर तक पहुंच गई है। यहां सार्वजिनक शौचालयों पर औरंगजेब मूत्रालय के पोस्टर लगा दिए गए। जब मामला अधिकारियों तक पहुंचा तो पोस्टर हटवाए।
दरअसल वाराणसी का ज्ञानवापी मामला इन दिनों देशभर में चर्चाओं में है। मस्जिद और मंदिर के बीच का मामला कोर्ट में है और पूरे देश में चर्चा हो रही है। कुछ दिन पहले उज्जैन में भी दावा किया गया था कि दानीगेट स्थित मस्जिद में भगवान गणेश और शिव का मंदिर है। इसके बाद इंदौर में नया मामला सामने आ गया। दो दिन पहले कुछ लोगों ने सार्वजिनक सुलभ कॉम्प्लेक्स के बाहर औरंगजबेब मूत्रालय के पोस्टर चिपका दिए।
बताया गया कि करीब 40 से 50 जगहों पर इस तरह के पोस्टर लगाए गए हैं, लेकिन यह पता नहीं चल सका कि पोस्टर किसने चिपकाए। इस मामले की जानकारी जब संबंधितों तक पहुंची तो पोस्टर हटवाए,लेकिन कुछेक जगहों पर रविवार को भी पोस्टर लगे हुए थे। अब सभी जगहों से ये पोस्टर हटवाने की बात कही जा रही है। हालांकि यह मामला पुलिस तक नहीं पहुंचा है न ही किसी ने इसे लेकर शिकायत की है। पुलिस का कहना है कि यदि कोई शिकायत करता है तो कार्रवाई करेंगे।