
अगर आपको एक ऐसे घर में ले जाया जाए जहां कमरे, बगीचे से लेकर बाथरूम तक घड़ियां ही घड़ियां हों तो आप क्या कहेंगे। है ना मजेदार.. जी हां इंदौर के अनिल भल्ला के पास अनोखी और पुरानी घड़ियों का संग्रह है इनके पास लगभग 650 घड़ियां हैं जिनमें से कुछ 200 वर्ष से अधिक पुरानी हैं।

वहीं उनके पास इन सब के लिए एक कमरा है जिसमें सभी घड़ियां रखी हैं। साथ ही उन्होंने घर के हर हिस्से में पुरानी घड़ियां दीवार पर टांग रखीं हैं। उन्होंने बताया कि इनमें से कई घड़ियां हाथ से बनाई गई हैं और कुछ को विदेश से लाया गया है।

कुछ घड़ियां विदेश से लाए
अनिल भल्ला ने बताया कि कुछ घड़ियां मेरे दादा विदेश से लाए थे और बाद में मेरे पिता ने भी उन्हें इकट्ठा करना शुरू कर दिया। फिर मैंने भी घड़ियों को इकट्ठा किया। आगे बताया कि कुछ घड़ियां तो 200 साल से अधिक पुरानी हैं। सभी घड़ियां काम करने की स्थिति में हैं।
मुंबई, चेन्नई से घड़ी ठीक करने आते कारीगर
बात करते हुए उन्होंने जानकारी दी कि ये घड़ियाँ विभिन्न आकारों और मॉडलों में होती हैं, जिनमें पेंडुलम के साथ, कुछ स्टील की गेंद के साथ चलती हैं। कभी-कभी कुछ खराब हो जाता है तो सही करने के लिए कारीगरों को मुंबई और चेन्नई से बुलाया जाता है और घड़ी के टुकड़ों को संरक्षित किया जाता है।
संग्रहालय में बदला जा सकता है घर
उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि घड़ियों के संग्रह को अगली पीढ़ी को दिखाने के लिए संग्रहालय में बदला जा सकता है। साथ ही कहा कि मैं अपने बाद की पीढ़ी से कहूंगा कि अगर वे इसे संभाल नहीं सकते हैं, तो इसे एक तिजोरी में बंद कर दें या इसे अपना संग्रहालय बना लें।
लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में भी दर्ज नाम
वहीं घड़ियों के अद्भुत संग्रह को खरीदने के लिए बहुत से लोग भल्ला के पास जाते हैं। इस अद्भुत संग्रह के लिए वर्ष 2013 में उनका नाम लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में भी दर्ज किया गया था। उन्होंने बताया कि उनके पास पुराने पंखे, बाइक और लैंप भी हैं।
घड़ियों के अलावा पंखे, बाइक का कलेक्शन
अनिल भल्ला ने बताया कि घड़ियों के अलावा, मेरे पास पुराने पंखे हैं जिनमें पहले एक लकड़ी का दीपक और तीन ब्लेड हुआ करते थे। इसके अलावा मेरे पास दूसरे विश्व युद्ध की एक साइकिल भी है, और एक पुरानी बीएमडब्ल्यू बाइक भी है जो काम करने की स्थिति में है।