
इंदौर में दो युवक नंदलालपुरा सब्जी मंडी आए और तलवार लहराते हुए फल व्यापारी को धमकाने लगे। कार पार्किंग को लेकर फल व्यापारी और युवकों में कहासुनी हुई थी। इसके बाद युवक ने अपने साथियों को कॉल करके बुला लिया। थोड़ी देर में उसका दोस्त तलवार लेकर पहुंच गया। फल व्यापारी को तलवार दिखाने लगा। वहां मौजूद लोगों ने फल व्यापारी को उससे बचाया। घटना का VIDEO अब सामने आया है।
एमजी रोड इलाके में विदुर नगर के रहने वाले लक्ष्मण उर्फ लच्छू वर्मा चोइथराम मंडी में व्यापार करता है। उसकी फल की दुकान नंदलालपुरा मार्केट में लगती है। उसने बताया कि, शुक्रवार सुबह यहां एक महिला और पुरूष कार से आए थे। उन्होंने फल दुकान के कर्मचारी से सामान हटाने की बात कही। इसके बाद दोनों में कहासुनी हुई। इस दौरान कार सवार व्यक्ति ने अपने परिचित युवक को कॉल कर बुला लिया। जिसके बाद युवक यहां तलवार लेकर पहुंचा और फल व्यापारी को धमकाने लगा। जिसमें वहां खड़े आसपास के व्यापारियों ने फल बेच रहे युवक का बचाव किया।
दो दिन पहले की थी क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई
इंदौर में दो दिन पहले छत्रीपुरा में रहने वाले महेन्द्र आदिवाल और पीयूष को पुलिस ने पिस्टल और चाकुओं के साथ पकड़ा था। दोनों ने सोशल मीडिया पर फोटो वायरल किए थे। जिसमें उन्होंने हथियार की नुमाइश की थी। वही शहर में पहले भी इस तरह के मामले सामने आ चुके हैं।