
सांसद शंकर लालवानी के फोटो वाला एक पोस्टर इन दिनों सियासी गलियारों में सुर्खियों में है।इस पोस्टर में उन्हें महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी गठबंधन सरकार का एकमेव शिल्पकार बताया गया है। इसके साथ ही सांसद लालवानी की जय-जयकार लिखा है।
पोस्टर में महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे व उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस के फोटो हैं और ऊपर हाईलाइट्स में मन: पूर्वक आभार लिखा है। ऐसे ही लालवानी का बड़ा फोटो के नीते देश के नंबर 1 के सर्व लोकप्रिय खासदार लिखा है। खास बात यह कि सौजन्य में उनके खास समर्थक कंचन गिदवानी, मुद्रा शास्त्री, सोना कस्तूरी व संध्या यादव के नाम हैं। फिर नीचे लोक संस्कृति मंच, संस्था नमो-नमो शंकरा इंदूर, उल्हास नगर सिंधी पंचायत, ठाणे लिखा है। मामले में लालवानी ने कहा कि यह कांग्रेस की कारस्तानी है। कांग्रेस जब हारती है तो ऐसे हथकंडे अपनाती है। वे सायबर सेल को शिकायत करेंगे।
मामले में मप्र कांग्रेस कमेटी के महासचिव राकेश सिंह यादव ने चुटकी लेते हुए कहा कि लालवानी कांग्रेस पर आरोप लगा रही है। कांग्रेस के पास बंगाल के कोई जादूगर तो है नहीं, ये जादूगर भाजपा के पास है। लालवानी इतने सक्रिय हैं कि रातों रात प्रधानमंत्री बन सकते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इसके लिए चिंता होना चाहिए। यादव ने यह भी कहा कि सांसद को पूरे मामले में एफआईआर दर्ज करानी चाहिए। अगर नहीं करा पा रहे हैं तो बात शर्म की है। साथ ही उस आदमी को सामने लाए जो सांसद को सक्रिय बता रहा है।
कारस्तानी को लेकर सवाल:-जिस प्रकार से यह पोस्टर वायरल किया गया है उसे लेकर भाजपाइयों को कांग्रेसियों पर शक है जबकि कुछ का मानना है कि यह भाजपा के ही एक नाराज गुट की करतूत है। दरअसल, सौजन्य में जिनके नाम हैं वे लालवानी के खास समर्थक हैं और उन्हें टिकिट दिलाने में लालवानी की खास भूमिका रही है। इसे लेकर कुछ भाजपाइयों ने सड़क पर नारेबाजी कर प्रदर्शन भी किया था।