
इंदौर में बीती रात नशे में धुत युवकों ने सीरियल लूट की वारदात को अंजाम दिया। नशेड़ी युवकों ने एक युवक को चाकू मारकर उससे सोने की चेन लूटने के बाद एक निगमकर्मी से मारपीट कर उसे भी लूट लिया। इसके बाद आरोपियों ने एक्टिवा पर जा रहे पति-पत्नी पर भी हमला किया और इलाके में पथराव कर घरों के बाहर खड़े कई वाहनों के कांच फोड़ दिए। इस मामले में दो थानों का बल मौके पर पहुंचा। बाद में मल्हारगंज थाने में नशेड़ी युवकों के खिलाफ मारपीट, लूट व अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबकि घटना वृंदावन और पेनजॉन कॉलोनी की है। यहां रात में नगर निगम में काम करने वाले नितिन चिंतामण एक कार्यक्रम में शामिल होने रघुवंशी धर्मशाला गए थे। यहां अमन चिकना और उसके साथियों ने नितिन पर हमला कर लूट की वारदात को अंजाम दिया। इसके पहले आरोपियों ने अंकित जयसवाल को चाकू मारकर उससे सोने की चेन लूट ली थी। वहीं इलाके से एक्टिवा पर जा रहे सोनू और उसकी पत्नी पर भी हमला करने की कोशिश की। इतना ही नहीं रात में बदमाशों ने घरों के बाहर खड़े आधा दर्जन चार पहिया वाहनों के भी कांच फोड़ दिए। सूचना के बाद यहां बाणगंगा थाने के एएसआई प्रहलाद जादौन पहुंचे थे। उन्होंने घायलों से बात कर उन्हें मेडिकल के बाद थाने में केस दर्ज कराने की बात कही।
सीसीटीवी में मारपीट करते आए नजर
TI राजेन्द्र सोनी के मुताबिक बदमाश सीसीटीवी कैमरों में भी लूट और चाकूबाजी की वारदात करते दिखे हैं। बताया जाता कि है शराब पीने के बाद वह सड़कों पर निकले थे। कुछ बदमाशों की पहचान कर ली गई है। आरोपियों की तलाश में रात में ही टीमें लगा दी गई थी।