
इंदौर में रविवार देर रात दो बदमाशों और पुलिस में मुठभेड़ हो गई। दोनों बदमाशों को पुलिस ने पकड़ लिया है, उनके हाथ और पैर में चोटें आई हैं। एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है। बता दें, आरोपियों ने दूरदर्शन के अफसर के साथ लूट की थी। जिसके बाद CCTV फुटेज से पहचान कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी।
एडिशनल डीसीपी जयसिंह भदौरिया के मुताबिक राजेंद्र नगर नगर थाना क्षेत्र में एक्टिवा सवार दो बदमाशों ने दूरदर्शन के असिस्टेंट डायरेक्टर देवम परमार और उनके साथ जा रही महिला को लूटा था। शिकायत के बाद पुलिस इस मामले की जांच कर रही थी। सीसीटीवी फुटेज से दोनों की पहचान अभिषेक उर्फ मोनू पुत्र राजेन्द्र दुबे निवासी देवगुराड़िया और धीरज पुत्र मनोहर लाल निवासी काटजू कालोनी के रूप में हुई थी।
रविवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि दोनों बदमाश चिनार हिल्स स्थित कशिश रेस्टोरेंट के पास बैठे हैं। एसआई सचिन त्रिपाठी और सिपाही रविकांत मिश्रा टीम के साथ इन्हें पकड़ने पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने देशी कट्टे से फायर किया। इस दौरान पुलिस ने पीछा कर एक बदमाश को पकड़ लिया। इस पर बदमाश ने पुलिसकर्मी रविकांत को चाकू मारकर घायल कर दिया। हालांकि पुलिसकर्मी ने उसे छोड़ा नहीं। टीम ने उससे चाकू छुड़ाकर गिरफ्तार कर लिया।
दोनों बदमाशों पर पहले के भी अपराध दर्ज हैं। इधर, सूत्रों के मुताबिक बदमाशों को रविवार रात में पहचान कर हिरासत में ले लिया था। यह कार्रवाई एसआई रविकांत मिश्रा और उनकी टीम ने की थी। उसके बाद पुलिस ने आरोपियों से मुठभेड़ होना बताई है।