
इंदौर जिले के महू में सोमवार को कांवड़ यात्रा के दौरान करंट लगने से एक कांवड़िए की मौत हो गई, जबकि तीन जख्मी हो गए। DJ की धुन पर डांस कर रहे एक कावड़िए का हाथ 11 हजार किलोवॉट की बिजली की लाइन से टच हो गया था जिससे वाहन में करंट फैल गया। करंट लगने से कुछ कांवड़िए वाहन की छत पर ही गिर गए। घटना सिमरोल थाना क्षेत्र की है।
सिमरोल टीआई आरएस भदौरिया ने बताया कि हादसा दोपहर करीब 1 बजे हुआ। उस समय कांवडि़ए आपस में डांस कॉम्पटीशन कर रहे थे। करंट लगते ही युवक गिरने लगे। एक युवक रौनक की मौके पर ही मौत हो गई। शिव, लोकेश और अतुल झुलस गए। शिव को इंदौर के एमवाय अस्पताल रेफर किया गया है। लोकेश और अतुल का इलाज महू में हो रहा है।
पश्चिम बंगाल में भी पिछले हफ्ते हुआ था ऐसा ही हादसा
पश्चिम बंगाल के कूच बिहार में पिछले सोमवार को पिकअप में करंट आ जाने से 10 कांवड़ियों की मौत हो गई थी, जबकि 16 बुरी तरह झुलस गए थे। हादसा मेखलीगंज थाना क्षेत्र के धारला ब्रिज पर हुआ था। 27 कांवड़िये पिकअप पर बैठकर जलपेश के शिव मंदिर में जल चढ़ाने जा रहे थे। पिकअप के पीछे ही DJ बज रहा था। जनरेटर के वायर में शॉर्ट सर्किट होने से पिकअप में करंट पहुंच गया। इसकी चपेट में कांवड़िए आ गए थे